Double Action For Road Safety : ज़ीरो टॉलरेंस के साथ जागरूकता पर जोर, 2,924 लाइसेंस निलंबन की सिफारिश

डीसी अजय कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट (ब्लैक स्पॉट) पर संरचनात्मक बदलाव, यातायात नियमों का सख़्ती से पालन और जागरूकता कार्यक्रमों को तुरंत तेज़ किया जाए।

Double Action For Road Safety : गुरुग्राम में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीसी अजय कुमार ने आज लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। डीसी ने स्पष्ट किया कि जिले में सड़क हादसे कम करना और नागरिकों को सुरक्षित यात्रा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीसी अजय कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट (ब्लैक स्पॉट) पर संरचनात्मक बदलाव, यातायात नियमों का सख़्ती से पालन और जागरूकता कार्यक्रमों को तुरंत तेज़ किया जाए। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों के आसपास सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने पर भी विशेष ज़ोर दिया।

बैठक में एजेंडा की समीक्षा करते हुए एसडीएम गुरुग्राम एवं आरटीए सचिव परमजीत चहल ने जानकारी दी कि जिले के सभी ब्लैक स्पॉट और एक्सीडेंट हॉटस्पॉट पर सुधार का कार्य तेज़ी से चल रहा है। इन स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइटें और हाई-मास्ट लाइटें लगाने का काम प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना-संभावित स्थलों पर सड़क समतलीकरण, मोड़ों का सुधार, गति-नियंत्रण संकेत (स्पीड लिमिट), रिफ्लेक्टिव पट्टियाँ, रम्बल स्ट्रिप्स, स्ट्रीट लाइटिंग और सुरक्षित पैदल मार्ग जैसी व्यवस्थाएँ तेजी से लागू की जा रही हैं। इसके अलावा, ब्रिस्टल चौक के नवीनीकरण का काम भी शुरू कर दिया गया है, जिसे सुरक्षित पैदल पारपथ और अन्य सुरक्षा इंतज़ामों के साथ अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा।

ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। परमजीत चहल ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव (नशे में ड्राइविंग) के मामलों में अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई की गई है। 29 सितंबर से 16 नवंबर 2025 तक कुल 2,924 चालान किए गए हैं। इन सभी चालकों के लाइसेंस को तीन माह के लिए निलंबित करने की अनुशंसा (सिफारिश) कर दी गई है।

इसके साथ ही, अवैध भार वाले (ओवरलोड) वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नवंबर माह में अब तक 153 चालान किए गए हैं और 1 करोड़ रुपये से अधिक का दंड वसूला गया है।

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए डीसी अजय कुमार ने सभी एसडीएम की संयुक्त समिति गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों में सुरक्षा प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए।

अनिवार्य प्रावधानों में सीसीटीवी कैमरा, आपातकालीन दरवाज़ा, आवश्यक दस्तावेज़, मेडिकल किट, ग्रिल, बैटरी कवर, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और ड्राइवर व सहायक का पुलिस वेरिफिकेशन शामिल हैं। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों को ये आवश्यक दस्तावेज़ समय पर जमा करवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, स्कूलों के आसपास सुरक्षित ज़ोन विकसित करने और आईआरसी दिशानिर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन, एसडीएम गुरुग्राम परमजीत चहल, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, एसडीएम सोहना अखिलेश, एसीपी जय सिंह, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एनएचएआई के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button