Deadly Hospital : गुरुग्राम का जानलेवा अस्पताल, ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में छोड़ा गाउन और तौलिया
पोस्टमार्टम रिपोर्ट लीक होने पर तुरंत बैठा दी थी जांच, लेकिन महिला की मौत के जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए 24 दिन बाद भी कागजों तक सीमित है कमेटी

Deadly Hospital/गुरुग्राम
साइबर सिटी गुरुग्राम के ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की घोर लापरवाही के चलते एक महिला के गर्भाशय में गाउन और तौलिया छूट गया, जिससे उसकी जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि इस दर्दनाक घटना को 24 दिन बीत जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की जांच धरातल पर शुरू नहीं हो सकी है। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की ओर से एक बार फिर सात सदस्यीय जांच कमेटी गठित करने की बात कही जा रही है।
Deadly Hospital : क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शीतला कॉलोनी निवासी मंजू पांच महीने की गर्भवती थीं। गर्भ में ही शिशु की मौत हो जाने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए ईएसआईसी अस्पताल लेकर गए थे। वहां डॉक्टरों ने पहले दवाओं के जरिए शिशु को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नाल (प्लेसेंटा) बाहर न निकल पाने के कारण महिला का ऑपरेशन करना पड़ा। ऑपरेशन के बाद भी महिला का रक्तस्राव (ब्लीडिंग) बंद नहीं हुआ और हालत बिगड़ने पर उन्हें पार्क अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Deadly Hospital : पोस्टमार्टम में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
महिला की मौत के बाद जब मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया, तो डॉक्टर भी दंग रह गए। पोस्टमार्टम के दौरान महिला के गर्भाशय के भीतर खून से सना हुआ एक गाउन और हाथ पोंछने वाला तौलिया पाया गया। इस खुलासे के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और चिकित्सकीय प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मृतका के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
Deadly Hospital : स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
इस पूरे प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग की दोहरी कार्यशैली भी उजागर हुई है। घटना के बाद सीएमओ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट लीक होने के मामले में तो गजब की तत्परता दिखाते हुए उसी दिन जांच कमेटी गठित कर दी थी, लेकिन जिस चिकित्सकीय लापरवाही की वजह से एक महिला की जान गई, उसकी जांच 24 दिनों तक फाइलों में ही दबी रही। अब जाकर सात सदस्यीय कमेटी बनाने की बात कही जा रही है। ऐसे में पीड़ित परिवार और आम लोगों के मन में यही सवाल है कि जब कमेटी बनने में ही करीब एक महीना लग गया, तो जांच रिपोर्ट आने और दोषियों पर कार्रवाई होने में कितना वक्त लगेगा?
