Murder – मूंगफली बेचने के पैसों को लेकर बिगड़ी बात तो पार्टनर की हत्या कर ज़मीन में दबाया, 18 दिन बाद हुआ खुलासा

Murder : 11 नवंबर को पुलिस थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई नईम के लापता होने के संबंध में शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई नईम (उम्र करीब 25 वर्ष) गुरुग्राम में मूंगफली बेचने का काम करता था। दिनांक 08.11.2026 की शाम वह बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
उसकी तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली । बाद में सेक्टर-50, गुरुग्राम में एक मोबाइल फोन मिलने की सूचना पर शिकायतकर्ता ने वहां जाकर फोन प्राप्त किया, जो उसके भाई का था । शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर CCTV फुटेज खंगाली गई। CCTV फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 22.11.2026 को सेक्टर-63A, कादरपुर टी-पॉइंट के पास खाली खेतों में बने एक पुराने पानी के टैंक के पास जमीन में दबा हुआ एक शव बरामद किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर क्राइम टीम एवं फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। जांच के दौरान शव की पहचान लापता युवक नईम के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया तथा पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
मूंगफली के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस टीम द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए दिनांक 26.11.2026 को आरोपी बबलू (उम्र 21 वर्ष), निवासी गांव बेहटा गोसाई, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया । पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी बबलू और मृतक नईम पिछले 04-05 वर्षों से गुरुग्राम में साझेदारी में मूंगफली बेचने का काम करते थे।
दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दिनांक 08.11.2026 को सेक्टर-63A, कादरपुर टी-पॉइंट के पास बनी झुग्गियों में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी बबलू ने मृतक नईम पर चाकू से वार किया तथा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने अपने पहने हुए कपड़े जला दिए तथा मृतक के शव को पास स्थित पुराने पानी के टैंक में मिट्टी खोदकर दबा दिया और ऊपर से नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को आज दिनांक 26.11.2026 को माननीय अदालत में पेश कर 04 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा वारदात में प्रयोग किया गया हथियार बरामद करने, अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी तथा वारदात से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए जाएंगे। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
