Cyber Crime : थाईलैंड में नौकरी का झांसा देकर फंसाया, पाकिस्तान-चीन के ठगों के साथ मिलकर शिकार बनाने वाला गिरफ्तार

Cyber Crime : गुरुग्राम पुलिस ने विदेशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं को मानव तस्करी के जरिए साईबर ठगी कराने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को फंसाकर उन्हें अवैध तरीके से थाईलैंड और फिर डंकी रूट से म्यांमार ले जाकर साईबर अपराध कराता था। विरोध करने पर पीड़ितों को मारने की धमकियां दी जाती थीं और भारत वापस भेजने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।

जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2025 को थाना साईबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 424 दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे थाईलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर वहां भेजा गया और फिर गैरकानूनी तरीके से म्यांमार ले जाकर साईबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया। ठगी से इनकार करने पर आरोपी गिरोह ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वापस भारत भेजने के लिए 4700 डॉलर की मांग की। बाद में अक्टूबर 2025 में म्यांमार सेना ने उसे छुड़ाकर थाईलैंड भेजा, जहां से उसे भारत डिपोर्ट किया गया।

शिकायत के आधार पर एसीपी साईबर अपराध प्रियान्शु दिवान (HPS) के नेतृत्व में इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 नवंबर को सेक्टर-37, गुरुग्राम से आरोपी प्रवीन (26 वर्ष), निवासी दया बस्ती, जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दसवीं पास है और लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय साईबर ठगों के संपर्क में था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नवंबर 2024 में थाईलैंड गया था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तान, भारत और चीन के साईबर ठगों से हुई। भारत लौटने के बाद भी आरोपी उनके संपर्क में रहा और उनके निर्देश पर युवाओं को थाईलैंड भेजकर म्यांमार स्थित साईबर फ्रॉड कैंपों में जबरन काम कराने लगा। हर युवक को विदेश भेजने के बदले आरोपी को 50 हजार रुपए कमीशन मिलता था। आरोपी टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं से संपर्क कर उन्हें नौकरी का लालच देकर फंसाता था।

गुरुग्राम पुलिस ने मानव तस्करी और साईबर फ्रॉड के ऐसे मामलों में अब तक कुल 3 अभियोगों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो करीब 20 युवाओं को इसी तरीके से विदेश भेज चुके हैं। आरोपी प्रवीन भी हरियाणा के जींद जिले के दो युवाओं को इसी जाल में फंसा चुका है। उसके खिलाफ वीजा दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला पहले से दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को 28 नवंबर 2025 को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस उससे उसके नेटवर्क, अन्य साथियों और अब तक हुई वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤