Crime News : धनवर्षा का खूनी खेल : दिल्ली में 2 लाख को 3 करोड़ बनाने के चक्कर में गई 3 जान, तांत्रिक की ख़ौफनाक साज़िश !

Crime News : देश की राजधानी से दिल्ली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पीरागढी फ्लाइओवर पर एक कार के अंदर से तीन लोगों की लाश मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है । दिल्ली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 72 साल के एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है जिसने तीन लोगों को धनवर्षा का लालच देकर मौत के घाट उतार दिया ।
कार के अंदर मृत मिले तीन लोग
दरअसल कुछ दिन पहले दिल्ली के पीरागढी फ्लाइओवर के पास खड़ी एक कार के अंदर से एक महिला समेत तीन लोगों की लाश मिली थी जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच करनी शुरु की तो मामले में चौंकाने वाले खुलासे होते चले गए । पुलिस को सूचना मिली थी कि फ्लाइओवर पर एक कार खड़ी है जिसमें तीन लोग बेहोश हालत में पड़े हैं । जब पुलिस ने चैक किया तो 76 वर्षीय रणधीर, 42 वर्षीय शिव नरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी की मौत हो चुकी है । पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच में जुट गई । (Crime News)
धनवर्षा के लालच में मिली मौत (Crime News)
मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस ने लोनी में रहने वाले 72 वर्षीय कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया जिसको लोग तांत्रिक बाबा के नाम से जानते हैं । पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी लोगों को धनवर्षा का लालच देता था और अपने झांसे में लेकर पैसे एंठता था । दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि आरोपी कमरुद्दीन ने मृतक रणधीर को लालच दिया था कि उस पर धनवर्षा करवा देगा और उसके दो लाख रुपए को 3 करोड़ बना देगा ।
लेकिन इसके लिए शर्त रखी गई कि धनवर्षा केवल महिला पर होती है इसीलिए अपने साथ एक महिला लानी होगी जिसका कद लगभग 5 फीट होना चाहिए और उसके बाल लंबे होने चाहिए । इसीलिए रणधीर अपने साथ शिव नरेश को लाया और नरेश अपनी परिचित महिला लक्ष्मी को लाया । रास्ते में उन्हें कमरुद्दीन मिला जो कि गाड़ी में उनके साथ बैठ गया । कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने तीनों को लड्डू खिलाए जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ है ।
लड्डू खाने के बाद तीनों को जब बेहोशी छाने लगी तो कमरुद्दीन ने फ्लाइओवर पर गाड़ी रुकवा दी और दो लाख रुपए लेकर फरार हो गया । बाद में तीनों की गाड़ी में ही मौत हो गई ।
बेटों ने खोली बाप की पोल
दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक जब मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज चैक किए गए तो पता चला कि गाड़ी में चौथा आदमी भी सवार था । जिसके बाद पुलिस लक्ष्मी के घर पहुंची तो वहां से पता चला कि लक्ष्मी किसी बाबा के पास जाने की बात कहकर निकली थी । उसके बाद वो नहीं लौटी । पुलिस आरोपी कमरुद्दीन के उत्तर प्रदेश के गांव फिरोजाबाद पहुंची जहां पर आरोपी के बेटे मिले जिन्होनें पुलिस को बताया कि उनका बाप इसी तरह लोगों को अपने झांसे में लेता है ।
आरोपी के बेटों ने पुलिस को बताया कि उनका बाप पहले भी इसी तरह कई लोगों को नशीला लड्डू खिलाकर मार चुका है । इन मामलों में वो पहले भी जेल में रह चुका है । पुलिस ने बताया कि आरोपी कमरुद्दीन लोगों को धनवर्षा का लालच देता और नशीला लड्डू खिलाकर लूट लेता था ।
लालच ना ले ले आपकी जान
ये खबर उन लोगों के चेतावनी है जो ऐसे पाखंडियों को झांसे में आते हैं जो कहते हैं कि वो तांत्रिक क्रिया से सारे दुख दूर कर देंगे और उन्हें मालामाल बना देंगे । ये दरअसल ऐसे ढोंगियों के पैतरें होते हैं जो केवल लोगों से पैसा ऐंठना चाहते हैं ।









