Crime News : सेक्टर-29 के क्लब में बाउसंरों पर मारपीट का आरोप, कैमरे में कैद हुई वारदात

सरकारी आदेशों के विपरीत यह क्लब सुबह 6:00 बजे तक खुला रहता है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की

Crime News : साइबर सिटी के मशहूर नाइटलाइफ़ हब सेक्टर-29 में एक बार फिर बाउंसरों की बर्बरता का मामला सामने आया है। एक क्लब के कर्मचारियों और बाउंसरों पर एक युवक के साथ बुरी तरह मारपीट करने और उसकी जेब से 80,000 रुपये छीनने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएलएफ फेज-3 निवासी हर्षित बहिरवानी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-29 स्थित पैरा क्लब (Para Club) गए थे। हर्षित के अनुसार, वह अपनी जेब में करीब 80 हजार रुपये की नकदी रखे हुए थे। आरोप है कि क्लब के कर्मचारियों ने जब उनके पास बड़ी रकम देखी, तो वे उसे छीनने की कोशिश करने लगे।

जब हर्षित ने इसका विरोध किया, तो क्लब के करीब 6 बाउंसरों और कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उनकी नकदी छीन ली और उन्हें लहूलुहान हालत में सड़क पर फेंक दिया।

पीड़ित ने अपनी लिखित शिकायत में क्लब के संचालन को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं । हर्षित ने आरोप लगाया है कि क्लब के भीतर अवैध रूप से देह व्यापार चलाया जा रहा है। सरकारी आदेशों के विपरीत यह क्लब सुबह 6:00 बजे तक खुला रहता है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की, तो वे उस पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का झूठा मामला दर्ज करा देंगे।

शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसे लगी चोटों की पुष्टि हुई है।  पुलिस ने क्लब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को कब्जे में लिया है।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि क्लब सरकारी आदेशों की अवहेलना कर देर रात तक संचालित हो रहा था。 हालांकि, नकदी छीने जाने के आरोप की गहनता से पुष्टि की जा रही है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CM Office) और हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी पत्र लिखकर क्लब को तुरंत सील करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button