Crime News : ऑटो में सवारी बैठाकर लूटने वाला गैंग पकड़ा, सुनसान रास्तों पर बनाते थे शिकार

ऑटो को मालिबु टाउन ले जाने के बजाय भोंडसी स्थित बीएसएफ कैंप के पीछे सुनसान इलाके में ले गए।

Crime News : साइबर सिटी की सड़कों पर ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) ने भंडाफोड़ किया है। भोंडसी थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो, चाकू और लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है।

लिफ्ट देकर सुनसान जगह ले गए आरोपी

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित व्यक्ति ने भोंडसी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि 10-11 अप्रैल की रात वह सेक्टर-66 स्थित आईएफएससी (IFSC) बिल्डिंग के पास ऑटो का इंतजार कर रहा था। तभी एक सीएनजी ऑटो आया, जिसमें चालक के अलावा एक पुरुष और एक महिला पहले से बैठे थे। मालिबु टाउन जाने के लिए वह उस ऑटो में सवार हो गया।

आरोपियों ने रास्ते में पीड़ित के नशे में होने का फायदा उठाया और ऑटो को मालिबु टाउन ले जाने के बजाय भोंडसी स्थित बीएसएफ कैंप के पीछे सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसका कीमती सामान लूट लिया।

क्राइम ब्रांच सोहना की बड़ी कामयाबी

पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार इस मामले की जांच अपराध शाखा सोहना को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से जाल बिछाया और तीन आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान (26), सोहेल (21) और रुकसाना के रूप में हुई है। ये तीनों सोहना की नट कॉलोनी के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपी इरफान और सोहेल को 24 अप्रैल को सोहना टूरिज्म कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया, जबकि महिला आरोपी रुकसाना को 28 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।

बरामदगी और पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया है। 01 सीएनजी ऑटो रिक्शा ,01 धारदार चाकू ,02 सोने की अंगूठियां,01 मोबाइल फोन,01 कलाई घड़ी बरामद की गई।  आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो अकेले होते थे या नशे की हालत में होते थे।

लूट के माल को आपस में बांटकर वे अपने शौक पूरे करते थे। फिलहाल, इरफान और सोहेल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि रुकसाना एक दिन के पुलिस रिमांड पर है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤