Club Entry Dispute : बाउंसर्स से मारपीट के दो और आरोपी काबू

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि क्लब में एंट्री को लेकर हुए मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर इस मारपीट की घटना को अंजाम दिया था।

Club Entry Dispute : बाउंसर्स और कर्मचारियों के साथ मारपीट के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज़ कर दी है। अपराध शाखा सैक्टर-43, गुरुग्राम की टीम ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस घटना में गिरफ्तार किए गए कुल आरोपियों की संख्या अब 7 हो गई है।

यह वारदात  31 अगस्त 2025 की देर रात की है। सैक्टर-60, गुरुग्राम स्थित ‘DONJON BYOB क्लब’ में कैशियर के रूप में कार्यरत पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रात लगभग 1 बजे तीन युवक क्लब में एंट्री मांग रहे थे। जब कैशियर ने ‘स्टैग एंट्री अलाउड नहीं’ होने की बात कही, तो युवकों ने अपने स्थानीय प्रभाव का हवाला देते हुए बहस की और धमकी दी।

इसके बाद, लगभग 1:35 बजे, सात-आठ लड़के लाठी-डंडों के साथ आए और गेट पर खड़े बाउंसर्स से मारपीट शुरू कर दी। जब कैशियर बीच-बचाव करने गया, तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की और ईंट से उसके सिर पर चोट मारी। हमलावरों ने धमकी दी कि “अभी तो लाठी-डंडों से ही मारा है, आगे गोलियां भी चलेगी।”

घायल कैशियर को पहले मेरिंगो एशिया हॉस्पिटल और बाद में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पुलिस थाना सैक्टर-65 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग (FIR) अंकित किया गया था।

अपराध शाखा सैक्टर-43 की पुलिस टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए दिनांक 16 नवंबर 2025 को सैक्टर-43 क्षेत्र से इस वारदात में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुभव (22 वर्ष, स्नातक द्वितीय वर्ष) निवासी गांव मिरहाची, जिला इटावा (उत्तर-प्रदेश) और साहिल (23 वर्ष, स्नातक तृतीय वर्ष) निवासी सैक्टर 09, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि क्लब में एंट्री को लेकर हुए मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर इस मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। इस अभियोग का अनुसंधान अभी जारी है।


Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button