Bulldozer Action : गुरुग्राम के 250 मकानों पर बुलडोज़र चलने का खतरा, कोर्ट जाने की तैयारी में स्थानीय लोग
सोहना के वार्ड नंबर 13 एरिया में आने वाली पहाड़ कॉलोनी और पीर कॉलोनी के निवासी अपने 250 मकानों को बचाने के लिए कोर्ट में गुहार लगाने की योजना बना रहे हैं

Bulldozer Action : गुरुग्राम के सोहना में 250 मकानों पर बुलडोज़र एक्शन की तलवार लटक रही है । यहां रहने वाले एक हज़ार से ज्यादा परिवारों की रात की नींद और दिन का चैन उड़ा हुआ है । हर कोई चाहता है कि किसी तरह उनका आशियाना बच जाए । इसके लिए अब सोहना के निवासियों ने कोर्ट की शरण में जाने का फैसला किया है ।
सोहना के वार्ड नंबर 13 एरिया में आने वाली पहाड़ कॉलोनी और पीर कॉलोनी के निवासी अपने 250 मकानों को बचाने के लिए कोर्ट में गुहार लगाने की योजना बना रहे हैं । हरियाणा टूरिज्म निगम की करीब 10 एकड़ जमीन पर करीब 250 मकान बना लिए गए हैं । जिनमें एक हज़ार से ज्यादा लोग रहते हैं ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उनके इन मकानों को तोड़ दिया गया तो उनके सिर से छत का साय उठ जाएगा इसीलिए अब वो कोर्ट की शरण में जाने वाले हैं । आपको बता दें कि पिछले सप्ताह ही गुरुग्राम के एन्फोर्समेंट के नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने लोगों के साथ बैठक कर 10 दिन का अल्टीमेटम दिया था ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब वो कोर्ट में हरियाणा टूरिज्म निगम और वन विभाग को पार्टी बनाने वाले हैं । निवासियों का कहना है कि वो अदालत इसलिए जाएंगे ताकि ये पता चल सके कि इस जमीन का असली मालिकाना हक किसका है । क्योंकि वन विभाग ने इस जमीन को खाली करने के लिए नोटिस जारी किए । अगर वन विभाग की ये जमीन है तो फिर इस पर कार्रवाई हरियाणा टूरिज्म विभाग क्यों कर रहा है ?
दोनों विभाग इस जमीन को अपनी बता रहे हैं, निवासी चाहते हैं कि पहले स्थिति स्पष्ट हो कि इस जमीन का असली मालिक कौन है । इसीलिए वो कोर्ट जाने के लिए सुबूत इक्कट्ठा कर रहे हैं । ताकि अदालत में अपनी बात को मजबूती से रख सकें ।