Bulldozer Action : गुरुग्राम में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, सेक्टर 50-57 और 90-91 में अवैध दुकानों, रैंप और कब्जों पर चला बुलडोजर

Bulldozer Action : गुरुग्राम में सार्वजनिक भूमि और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। जीएमडीए की इंफोर्समेंट टीम ने सेक्टर 50-57, सेक्टर 51-57, सेक्टर 90-91 और सेक्टर-90 स्थित मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण, कब्जे, रेहड़ी-खोखे, अवैध दुकानें, रैंप और गेट हटाए।

इस अभियान का नेतृत्व गुरुग्राम में अतिक्रमण के नोडल अधिकारी एवं डीटीपी जीएमडीए आर.एस. बाठ ने किया। कार्रवाई के दौरान इंफ्रा-1 डिवीजन, जीएमडीए इंफोर्समेंट टीम और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

सेक्टर 50-57 और 51-57 रोड पर हटाया गया अतिक्रमण

जीएमडीए की टीम ने सेक्टर रोड 51-57 के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से को एक तरफ से पूरी तरह साफ कराया। वहीं सेक्टर रोड 50-57 के किनारे लगभग 600 मीटर क्षेत्र में बने अवैध कब्जों को हटाया गया ।

अभियान के दौरान सर्विस रोड पर लगाए गए अवैध गेट तोड़े गए। साथ ही निवासियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा बनाए गए अवैध रैंप भी हटाए गए। ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी, खोखे और अन्य अस्थायी कब्जों को भी हटाया गया।

जीएमडीए ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर भी सख्ती दिखाई। अधिकारियों ने निवासियों और व्यवसायिक संस्थानों को निर्धारित स्टिल्ट पार्किंग का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही निजी संस्थानों को ग्रीन बेल्ट में पार्किंग के लिए लगाए गए टाइल्स पांच दिन के भीतर हटाने के आदेश दिए गए। (Bulldozer Action)

सेक्टर 90-91 रोड पर अवैध झुग्गियां और कब्जे हटाए

सेक्टर 90-91 रोड पर जीएमडीए को बड़े स्तर पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मिलने के बाद विशेष अभियान चलाया गया। यहां अवैध झुग्गियां, रेहड़ियां, दुकानों और रेस्टोरेंट्स द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध विस्तार को हटाया गया।

करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र का निरीक्षण कर जहां-जहां अतिक्रमण पाया गया, उसे हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए 7 जून से पहले एक और विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार सेक्टर 90-91 क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकास के लिए एमओयू भी किया गया है। अतिक्रमण पूरी तरह हटने के बाद विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।

सेक्टर-90 मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर पर चला बुलडोजर

जीएमडीए ने सेक्टर-90 स्थित मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई की। सार्वजनिक भूमि और यूटिलिटी कॉरिडोर पर बिना अनुमति बनाए गए 15 से अधिक अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया।

इस अभियान के दौरान एसडीई हेमंत सैनी, जेई आशीष त्यागी, जेई पप्पू कटारिया और दीपक चौहान सहित जीएमडीए की टीम मौजूद रही। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 15 पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए। (Gurugram News)

सेक्टर 44-45 में भी चलेगा अभियान

जीएमडीए ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में सेक्टर 44-45 की मास्टर डिवाइडिंग रोड के ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में भी इसी प्रकार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी ताकि सार्वजनिक स्थलों का नियोजित विकास और रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।

डीटीपी जीएमडीए आर.एस. बाठ ने कहा कि शहरभर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। जीएमडीए भूमि, राइट ऑफ वे (ROW) और सार्वजनिक यूटिलिटी कॉरिडोर पर किसी भी तरह के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अवैध कब्जे स्वयं हटाएं और नियोजित शहरी विकास में सहयोग करें। (Bulldozer Action)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button