Breaking News : 12 लाख रुपए कमाने वाली महिला अधिकारी ने मॉल की 5वीं मंज़िल से लगाई छलांग, पति गिरफ्तार

Breaking News : गुरुग्राम के सेक्टर 65 इलाके में एक प्राइवेट कंपनी में बड़े पद पर काम करने वाली महिला ने 5वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली । जानकारी मिली है कि महिला अधिकारी का सालाना 12 लाख रुपए रुपए का पैकेज था । शुरुआती जांच में सामने आया है कि ससुराल वालों के द्वारा दी जाने वाली प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने ये कदम उठाया है ।
दरअसल गुरुग्राम पुलिस के बुधवार दोपहर सूचना मिली थी कि सेक्टर 65 इलाके में वर्ल्ड मार्क मॉल की 5वीं मंजिल से एक महिला गिर गई है जिस सूचना पर सेक्टर 65 थाने की टीम मौके पर पहुंची और महिला को घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका । गुरुग्राम पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला ।
गुरुग्राम पुलिस को देहरादून के रहने वाले महिला के भाई हार्दिक ने शिकायत देकर बताया कि उसकी बहन जागृति गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में बड़े पद पर काम करती थी । हार्दिक ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी साल 2023 में मेरठ के रहने वाले अमित सिंघल से हुई थी । जागृति और अमित की लव मैरिज थी ।
मृतका के भाई ने पुलिस शिकायत में बताया कि उसकी बहन ने अमित से प्रेम विवाह किया था लेकिन उसके ससुराल वाले उसे तंग करते थे । उसे शारीरिक और मानसिक रुप से परेशान किया करते थे । आरोप ये भी लगाया गया कि ससुराल वाले उसकी बहन से उसकी सारी सैलरी छीन लिया करते थे और उसकी बहन रोजाना मेरठ से गुरुग्राम अपनी ड्यूटी आया करती थी ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में परिवार वालों की शिकायत के आधार पर सेक्टर 65 थाने में केस दर्ज कर मृतक महिला के पति अमित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया गया है । पुलिस ने बताया कि महिला का आरोपी पति चार्डेट अकाउंटेंट की नौकरी करता है । मामले की गहनता से जांच की जा रही है । मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है ।