Breaking News : जनगणना करने वालों को घर दिखाया तो पड़ोसी ने मार दी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Breaking News : देश में जनगणना का काम चल रहा है । आपके घर भी जनगणना करने वाले कर्मचारी आ रहे होंगे और आपसे जानकारी जुटा रहे होंगे । लेकिन दिल्ली के पास ऐसी हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां जनगणना करने वाले कर्मचारियों को घर का पता बताने पर पड़ोसी ने अपने ही पड़ोसी को गोली मार दी । हालांकि पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया लेकिन इस घटना ने जनगणना करने वाले कर्मचारियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है ।

कर्मचारियों के पीछे डंडा लेकर भागा आरोपी

दरअसल दिल्ली के पास गाजियाबाद से ये घटना सामने आई है जहां मुरादनगर की आदर्श नगर कॉलोनी में शनिवार सुबह जनगणना करने वाले कर्मचारी अपना काम करने के लिए पहुंचे थे । इसी कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारी सबसे पहले वीरेन्द्र त्यागी नाम के प्रॉपर्टी डीलर के घर पहुंचे ।

वीरेंद्र त्यागी के परिवार की डिटेल्स लेने के बाद कर्मचारियों ने उनकी मदद करने की अपील की जिस पर वीरेन्द्र त्यागी गणना करने वाले कर्मचारियों को अपने पड़ोसी रामपाल चौधरी के घर लेकर पहुंचे ।

लेकिन जनगणना करने वाले कर्मचारियों के रामपाल के घर पहुंचते ही रामपाल आग बबूला हो गया और जनगणना करने वाले कर्मचारियों के साथ गाली गलौच करने लगा और उनके पीछे डंडा लेकर भाग लिया ।

कर्मचारियों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया तो आरोपी रामपाल चौधरी पुलिस के आने से पहले ही मौके से भाग गया ।

वापिस आकर पड़ोसी को मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे आरोपी रामपाल चौधरी वापिस अपने घर आया और वीरेन्द्र त्यागी के घर पहुंचकर वीरेन्द्र को गोली मार दी । गोली वीरेन्द्र के पेट में लगी । गोली लगते ही वीरेन्द्र जमीन पर गिर गया । गोली का आवाज सुनते ही परिजन मौके पर आए और घायल वीरेन्द्र को अस्पताल पहुंचाया ।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

घटना के बाद घायल वीरेन्द्र त्यागी के बयान के आधार पर रामपाल चौधरी के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया । एसीपी मसूली सर्किल भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपी रामपाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है । मामले की जांच की जा रही है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button