Pataudi में गाड़ी हटाने को लेकर खूनी संघर्ष, घर पर पत्थरबाजी और लाठियों से हमला

ड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल चंद्रभान को पीटा, बल्कि बचाव में आई उनकी पत्नी संतोष पर भी लाठियों से प्रहार किया। इसके बाद आरोपियों ने घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया।

Pataudi : गुरुग्राम के पटौदी स्थित व्यापारी मोहल्ला में रास्ता मांगने जैसे मामूली विवाद ने भीषण हिंसक रूप ले लिया। ट्रैक्टर निकालने को लेकर शुरू हुई बहसबाजी के बाद एक पक्ष ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

वार्ड नंबर-16 निवासी चंद्रभान ने पुलिस को बताया कि यह घटना 9 फरवरी की रात करीब 7 बजे की है। जब वह अपना ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे थे, तो गली में एक पिकअप गाड़ी खड़ी थी जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। चंद्रभान ने जब पड़ोसी रैहदू से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपी का पूरा परिवार हथियारों और लाठी-डंडों के साथ बाहर निकल आया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल चंद्रभान को पीटा, बल्कि बचाव में आई उनकी पत्नी संतोष पर भी लाठियों से प्रहार किया। इसके बाद आरोपियों ने घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया। इस हमले में घर की खिड़कियों के शीशे, पानी की टंकी और ट्रैक्टर की लाइटें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हमले में चंद्रभान के बेटे रिंकू, टिंकू और पोते सन्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं।

बुधवार को पटौदी थाना पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। जांच अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और तीन महिलाओं सहित सात आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रैहदू, राशिद, संजय ,बिलाल,  सजीना, फरीदा और अफसाना के रूप में हुई  आरोपी पटौदी के ही निवासी हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई उस पिकअप गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जो विवाद की मुख्य वजह बनी थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिसमें दंगा भड़काने, घातक हथियारों से हमला करने और घर में तोड़फोड़ करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य 6 आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button