Big News : ऑपरेशन आक्रमण में पुलिस ने 123 बदमाशों को किया गिरफ्तार, 214 टीमों ने डीजीपी के निर्देश पर की कार्रवाई

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती गई। पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगे 62 वाहनों के चालान किए, ट्रिपल राइडिंग करने वाले 188 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तथा गलत लेन में वाहन चलाने वाले 718 चालकों के चालान काटे।

Big News : जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आक्रमण’ का बड़ा असर देखने को मिला है। गुरुग्राम पुलिस ने तड़के सुबह एक साथ 214 टीमों के साथ छापेमारी कर 23 उद्घोषित/जमानोत्तर अपराधियों सहित कुल 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान विभिन्न अपराधों में 71 नए मुकदमे भी दर्ज किए गए।

यह अभियान हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के आदेश और पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के निर्देश पर चलाया गया। सभी पुलिस उपायुक्तों की निगरानी में 1755 पुलिसकर्मियों ने सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दबिश दी। पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के कब्जे से 744 बोतलें देशी शराब, 110 बोतलें अंग्रेजी शराब, 30 बोतलें बियर, 1.176 ग्राम गांजा, 220 ग्राम ओजी गांजा, एक पिस्टल और 4,560 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा लूट के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चोरी, मारपीट और दुर्घटना से जुड़े मामलों में चार आरोपियों को काबू किया गया। अन्य आपराधिक गतिविधियों, साइबर ठगी, अवैध मादक पदार्थ और जुआ मामलों में भी कई आरोपियों पर कार्रवाई की गई।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती गई। पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगे 62 वाहनों के चालान किए, ट्रिपल राइडिंग करने वाले 188 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तथा गलत लेन में वाहन चलाने वाले 718 चालकों के चालान काटे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस 24×7 नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button