Holi Alert : गुरुग्राम में होली पर हुड़दंग या नशे में ड्राइविंग करने पर होगी कड़ी कार्रवाई, पुलिस ने तैनात की 4 स्पेशल टीमें
साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे निगरानी रखेगी। हेट स्पीच, सांप्रदायिक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Holi Alert : होली व फाग (धुलंडी) के पर्व पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सख्त सुरक्षा प्रबंध किए हैं। 37 चेकिंग नाके लगाकर अपराधियों, असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर हेट स्पीच या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के निर्देशानुसार जिले के चारों जोन—पूर्व (9), पश्चिम (9), साउथ (5) और मानेसर (14)—में कुल 37 नाके स्थापित किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, मॉल, सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 4 क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT), 72 पुलिस ERV और 135 पुलिस राइडर्स तैनात किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त के निर्देश दिए गए हैं। तेज रफ्तार, नशे की हालत में ड्राइविंग और बाइक स्टंट/हुड़दंग करने वालों पर विशेष कार्रवाई होगी।
गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे निगरानी रखेगी। हेट स्पीच, सांप्रदायिक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
त्योहार के दौरान सक्रिय होने वाले चोरी और स्नैचिंग गिरोहों पर अपराध शाखा और थाना पुलिस की टीमें विशेष निगरानी रखेंगी। सभी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अपनी-अपनी टीमों के साथ नियमित गश्त करेंगे।
गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस 24×7 आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।