BIG News : गुरुग्राम के लाखों घरों के लिए बड़ी राहत, अब हर महीने मिलेगा मुफ्त पानी

नगर निगम के सर्वे के मुताबिक शहर में डेढ़ लाख से अधिक अवैध पानी के कनेक्शन चल रहे हैं, जिससे निगम को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है।

BIG News : हरियाणा सरकार ने शहरी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 500 गज तक के रिहायशी मकानों को हर महीने 10 हजार लीटर (10 किलोलीटर) मुफ्त पेयजल देने की घोषणा की है। यह सुविधा नए वित्त वर्ष से लागू की जाएगी। इस फैसले से गुरुग्राम में करीब तीन लाख से अधिक घरों को सीधे तौर पर फायदा मिलने की उम्मीद है।

यह घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में बजट पेश करते समय की। सरकार का उद्देश्य आम लोगों पर पानी के बिल का बोझ कम करना और साथ ही जल प्रबंधन को बेहतर बनाना है। अभी तक उपभोक्ताओं से एक रुपये प्रति किलोलीटर के हिसाब से पानी का शुल्क लिया जाता था।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए घरों में पानी का मीटर लगवाना अनिवार्य होगा। जिन मकानों में मीटर नहीं होगा, उन्हें मुफ्त पानी की सुविधा नहीं मिलेगी। नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार अभी तक केवल करीब 92 हजार घरों में ही पानी के मीटर लगे हैं, जबकि बड़ी संख्या में कनेक्शन बिना मीटर के चल रहे हैं।

नगर निगम के सर्वे के मुताबिक शहर में डेढ़ लाख से अधिक अवैध पानी के कनेक्शन चल रहे हैं, जिससे निगम को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। अधिकारियों का मानना है कि मीटर आधारित मुफ्त पानी की योजना लागू होने से पानी की बर्बादी और अवैध कनेक्शनों पर रोक लगेगी।

गुरुग्राम नगर निगम हर साल लगभग 140 करोड़ रुपये का पानी का बिल जारी करता है, लेकिन वसूली करीब 50 करोड़ रुपये ही हो पाती है। वर्तमान में उपभोक्ताओं पर 120 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया दर्ज है। ऐसे में सरकार की नई योजना से जल प्रबंधन और राजस्व व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button