Bharat Bandh : आज भारत बंद का एलान, 30 करोड़ कर्मचारी हड़ताल पर, जानें क्या खुलेगा, क्या बंद ?

Bharat Bandh : देश में आज ट्रेड यूनियनों ने भारत बंद का आह्वान किया है जिसके तहत आज देशव्यापी हड़ताल बुलाई है । ट्रेड यूनियनों द्वारा आज बुलाई कई राष्ट्रव्यापी हड़ताल में 30 करोड़ कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है । इस हड़ताल का देश में कई जगहों पर असर देखने को मिल सकता है । जिसकी वजह से सार्वजनिक सेवाएं आंशिक रुप से बाधित हो सकती हैं । आइए आपको बताते है कि इस हड़ताल की वजह से किन किन चीज़ों पर असर पड़ सकता है ।
30 करोड़ कर्मचारी हड़ताल पर !
केंद्र सरकार की आर्थिक और श्रम नीतियों के विरोध में आज 12 फरवरी को देशव्यापी राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है। ट्रेड यूनियनों का दावा है कि इस विरोध प्रदर्शन में लगभग 30 करोड़ कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। बैंकिंग, परिवहन, निगम और बिजली जैसी आवश्यक सेवाओं पर इसका आंशिक असर देखने को मिल सकता है ।
क्यों हो रही है आज हड़ताल?
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और 10 प्रमुख ट्रेड यूनियनों (जैसे INTUC, AITUC, CITU) ने कई मांगों को लेकर यह बंद बुलाया है । आज देश में बुलाई गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का मुख्य मुद्दा 4 नए लेबर कोड्स हैं जिनको रद्द कराने के लिए इस हड़ताल को बुलाया गया है । इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल कराने की भी मांग रखी गई है, वेतन में बढोतरी, निजीकरण पर रोक लगाना और किसानों द्वारा India-US ट्रेड डील का भी विरोध किया जा रहा है ।
गुरुग्राम (Gurugram) में हड़ताल का क्या असर रहेगा ?
साइबर सिटी गुरुग्राम में औद्योगिक क्षेत्रों और बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का सबसे अधिक असर पड़ने की संभावना है ।
हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways): रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति ने हड़ताल को समर्थन दिया है । रोड़वेज कर्मचारियों का कहना है कि उन्होनें हड़ताल को नैतिक समर्थन दिया है, काम नहीं रोका जाएगा इसीलिए रोड़वेज यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी ।
बैंकिंग सेवाएं (Banking Services): AIBEA और BEFI जैसे प्रमुख बैंक संगठनों के आह्वान पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSU Banks) में काम प्रभावित रहेगा। चेक क्लीयरेंस और कैश जमा-निकासी में देरी हो सकती है, हालांकि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और ATM चलते रहेंगे।
औद्योगिक क्षेत्र (IMT Manesar/Udyog Vihar): औद्योगिक बेल्ट में मजदूर यूनियनों ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी की है। फैक्ट्रियों में उत्पादन पर असर पड़ सकता है । क्योंकि कर्मचारी ट्रेड यूनियनों का सबसे ज्यादा असर इन उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों पर होता है । हो सकता है कि उद्योगो में शामिल कर्मचारी भी इस हड़ताल का हिस्सा बनें ।
बिजली और नगर निगम : बिजली विभाग के कर्मचारी भी विरोध में शामिल हैं, जिससे किसी खराबी की स्थिति में मरम्मत कार्य में देरी हो सकती है । हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि हड़ताल को देखते हुए सभी एसडीओ को अपने अपने इलाके में सतर्क रहने को कहा गया है ताकि हड़ताल से लोगों को परेशानी ना हो । इस हड़ताल में नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं ।
स्वास्थ्य सेवाएं : गुरुग्राम में काम करने वाले 1033 आशा वर्कर्स इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का पूर्ण रूप से समर्थन कर रही हैं जो कि आज हड़ताल पर रहेंगी और अपना विरोध दर्ज कराएंगी । इसके अलावा वन कर्मी भी इस हड़ताल का हिस्सा होंगे जो कि अपने वेतन बढोतरी को लेकर लगातार मांग कर रहे हैं ।
क्या खुला रहेगा?
स्कूल और कॉलेज: फिलहाल गुरुग्राम प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन निजी स्कूल परिवहन व्यवस्था को देखते हुए स्वयं फैसला ले सकते हैं ।
मेट्रो सेवा: दिल्ली-गुरुग्राम रैपिड मेट्रो और येलो लाइन सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है ।
इमरजेंसी सेवाएं: अस्पताल, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को हड़ताल से बाहर रखा गया है ।









