गुरुग्राम की पॉश सोसाइटी Anant Raj Estate के लग्जरी फ्लैट में भीषण आग, सुरक्षा दावों की खुली पोल

पीड़ित अंकित सेठी के अनुसार आग लगने के बाद उन्होंने और उनके परिवार ने जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर से निकलना दूभर हो गया था।

Anant Raj Estate : साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-63A स्थित पॉश रेजिडेंशियल सोसाइटी अनंत राज इस्टेट (Anant Raj Estate) में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लग्जरी फ्लैट भीषण आग की लपटों में घिर गया। ई-ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित अंकित सेठी के फ्लैट (E-27) में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। घटना ने न केवल एक परिवार की जमा-पूंजी राख कर दी, बल्कि सोसाइटी के सुरक्षा और फायर मैनेजमेंट दावों की कलई भी खोल दी है।

पीड़ित अंकित सेठी के अनुसार आग लगने के बाद उन्होंने और उनके परिवार ने जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर से निकलना दूभर हो गया था।

अंकित ने साहस दिखाते हुए पहले अपने बच्चों और पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर खुद जलते हुए फ्लैट से बाहर कूदे। गनीमत रही कि समय रहते प्रथम तल के अन्य फ्लैट्स को भी खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

 

एक्सपायर्ड सिलेंडर और सूखे वाटर पंप, मेंटेनेंस की कंपनी बड़ी लापरवाही

इस हादसे के दौरान रेजिडेंट्स में उस वक्त भारी आक्रोश देखने को मिला जब सोसाइटी के फायर सेफ्टी उपकरण Fire Safety Equipment पूरी तरह नाकाम साबित हुए। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि  सोसाइटी में लगे फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) साल 2018 में एक्सपायर हो चुके थे। इमरजेंसी के समय वाटर पंप में पानी तक नहीं था।शॉर्ट सर्किट के बावजूद बिजली की MCB (Miniature Circuit Breaker) ट्रिप नहीं हुई, जिससे आग फैलती गई।

30 मिनट तक बेबस रहा परिवार, लाखों का सामान राख

फ्लैट मालिक का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद मेंटेनेंस टीम को सूचना दी गई थी, लेकिन 30 मिनट तक कोई मदद नहीं पहुंची। दमकल विभाग की गाड़ियों के पहुंचने से पहले फ्लैट में रखा सारा कीमती सामान एसी, फ्रिज, बेड, इन्वर्टर बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक्स जलकर राख हो गया। नागरिकों का कहना है कि यदि सामान में कोई ब्लास्ट हो जाता, तो पूरी बिल्डिंग ढह सकती थी।

बिल्डर के खिलाफ फूटा निवासियों का गुस्सा

घटना के बाद से ही सोसाइटी परिसर में तनाव का माहौल है। स्थानीय नागरिक बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। भारी हंगामा करते हुए निवासियों ने मांग की है कि घटिया फायर मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।  फ्लैट मालिक के नुकसान की पूरी भरपाई बिल्डर द्वारा की जाए। सोसाइटी के सभी फायर सेफ्टी उपकरणों का ऑडिट कर उन्हें तुरंत अपडेट किया जाए। रेजिडेंट्स ने अब इस मामले की लिखित शिकायत जिला प्रशासन और फायर विभाग को देने का निर्णय लिया है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button