Delhi Gurugram Expressway पर आज सफर करने से बचें, 12 बार रोका जाएगा ट्रैफिक, जानें क्यों !

Delhi Gurugram Expressway पर SPR-NPR जंक्शन पर आज आपको सफर करने में परेशानी हो सकती है । हो सकता है आपको यहां पर ट्रैफिक जाम की समस्या से दो चार होना पड़े क्योंकि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है । इस जंक्शन पर बिजली की लाइनों को हटाने के दौरान आज दिनभर करीब 12 बार ट्रैफिक संचालन रोका जाएगा । इस दौरान इस जंक्शन पर जाम की स्थिति बन सकती है ।
दरअसल खेड़की दौला में दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और द्वारका एक्सप्रेसवे को कनेक्ट करने वाले क्लोवरलीफ फ्लाइओवर पर एन.पी.आर.-सी.पी.आर. जंक्शन के पास ओवरब्रिज पर बिजली लाइन से जुड़े कार्य के चलते 24 नवंबर को यातायात प्रभावित रहेगा । इस दौरान सर्विस/लिंक रोड पर 400 के.वी. डबल सर्किट (डी/सी) दौलताबाद–सेक्टर-72 बिजली लाइन के 12 कंडक्टर उतारने का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक को करीब 5-5 मिनट के लिए रुक-रुककर रोका जाएगा । इस तरह कुल 12 बार ट्रैफिक रोकने की व्यवस्था रहेगी, जिससे इस मार्ग पर वाहन चालकों को असुविधा हो सकती है ।
वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि इस मार्ग से गुजरते समय अतिरिक्त समय लेकर निकलें । संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें । मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें ।
बिजली लाइन से जुड़े कार्य के दौरान ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोकने के कारण द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को यात्रा की योजना पहले से बनाने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
