Rajiv Chowk के पिलरों पर दिखेंगे महाभारत के किरदार, GMDA ने सौंदर्यीकरण के लिए बनाया प्लान

Rajiv Chowk : शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल राजीव चौक को आकर्षक बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सौंदर्यीकरण की पहल शुरू की है। इसके तहत चौराहे के पिलर्स पर भारतीय पौराणिक कथाओं और संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां बनाई जाएंगी। इस काम के लिए गुवाहाटी से कलाकारों की एक टीम को लगाया गया है।

जीएमडीए के प्रवक्ता के अनुसार, गुवाहाटी से बुलाए गए चित्रकार राजीव चौक के पिलर्स पर भारतीय पौराणिक कथाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहे को कलात्मक स्वरूप देने के साथ-साथ उसकी सुंदरता बढ़ाना और शहरी बुनियादी ढांचे को सांस्कृतिक पहचान प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि जीएमडीए की ओर से राजीव चौक के आसपास पहले ही बड़े स्तर पर पौधारोपण कराया जा चुका है, ताकि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ आसपास के वातावरण को भी बेहतर बनाया जा सके। अब इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए चौराहे के पिलर्स पर कलाकृतियां तैयार कराई जा रही हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि यह पहल गुरुग्राम के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और चौराहों के सौंदर्यीकरण की व्यापक योजना का हिस्सा है। राजीव चौक के सौंदर्यीकरण के बाद शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह के कलात्मक और सौंदर्य सुधार से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

जीएमडीए का उद्देश्य शहर के बुनियादी ढांचे में कला, संस्कृति और हरियाली का समावेश करना है, ताकि प्रमुख सार्वजनिक स्थल अधिक आकर्षक बनें और शहरवासियों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी बेहतर शहरी वातावरण मिल सके।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤