32nd Milestone के डायरेक्टर फिर हुए गिरफ्तार, धोखाधड़ी के मामले में परिवार की 2 महिलाओं समेत चार लोग अरेस्ट

32nd Milestone : गुरुग्राम में दुकान बेचने और किराये से कमाई का भरोसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW-I) ने बड़ी कार्रवाई की है। 32nd Milestone के डायरेक्टर ध्रुवदत्त शर्मा पिछले 9 महीनों में दूसरी बार गिरफ्तार हुए हैं । पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता से दुकान बेचने के नाम पर 32.45 लाख रुपये लिए गए, लेकिन दस्तावेजों में दुकान का क्षेत्रफल अधिक दिखाकर धोखाधड़ी की गई।

40 वर्गफुट बताई दुकान, असल में निकली 9.88 वर्गफुट

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 6 अगस्त 2026 को शिकायत दी थी कि आरोपियों ने सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित 32nd Milestone में दुकान नंबर G-165A बेचने के नाम पर उससे कुल 32,45,000 रुपये लिए थे। कन्वेंस डीड में दुकान का क्षेत्रफल 40 वर्गफुट दर्ज किया गया, जबकि वास्तविक क्षेत्रफल जांच में केवल 9.88 वर्गफुट पाया गया।

आरोपियों ने दुकान से नियमित किराया दिलाने का भरोसा भी दिया था। शुरुआत में कुछ समय तक किराये का भुगतान किया गया, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

डायरेक्टर ने परिवार के साथ मिलकर रची धोखाधड़ी

मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-I ने की। पुलिस ने 21 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरीन शर्मा, ध्रुवदत्त शर्मा, अनुभव शर्मा और ममता शर्मा के रूप में हुई है। सभी गुरुग्राम के 32nd Milestone, सेक्टर-15 पार्ट-2 के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अनुभव शर्मा 32nd Milestone का डायरेक्टर है। आरोप है कि उसने अपने बेटे, बेटी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दुकान का वास्तविक क्षेत्रफल कम होने के बावजूद अधिक क्षेत्रफल दर्शाकर शिकायतकर्ता को बेचा और ठगी की। ममता शर्मा अनुभव शर्मा की पत्नी है और आरोप है कि उसने भी इस धोखाधड़ी में अपने पति का साथ दिया।

अपनी ही कंपनी के जरिए किराये का भरोसा दिया

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने दुकान को Growth Hospitality LLP के माध्यम से लीज पर देकर नियमित किराया दिलाने का आश्वासन दिया था। पुलिस के अनुसार, यह कंपनी भी अनुभव शर्मा की ही है। शिकायतकर्ता को कुछ समय तक किराया दिया गया, लेकिन बाद में जानबूझकर भुगतान बंद कर दिया गया।

बैंक में गिरवी संपत्ति बेचकर अन्य लोगों से भी ठगी का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपियों पर कुछ अन्य निवेशकों के साथ भी धोखाधड़ी करने के आरोप सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बैंक के पास गिरवी रखी संपत्तियों को बेचकर भी कुछ निवेशकों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया है।

चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से दस्तावेजों, ठगी की रकम के इस्तेमाल, अन्य निवेशकों से संबंधित मामलों और इस पूरे प्रकरण में शामिल दूसरे लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की जांच अभी जारी है।

फरवरी में भी गिरफ्तार हुए थे ध्रुवदत्त शर्मा

ये पहली बार नहीं है 32nd Milestone के डायरेक्टर ध्रुवदत्त शर्मा पहली बार धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हुए हो, इससे पहले भी इसी साल फरवरी के महीने में ध्रुवदत्त निवेशकों के साथ करोड़ो की ठगी के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं । जिस मामले में वो जमानत पर थे । अब एक और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने ध्रुवदत्त समेत उनके परिवार के चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है ।

अब गिरफ्तार हुए मामलों में अभी कंपनी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है ।

ये भी पढे़ :- 32nd Milestone के डायरेक्टर पर ₹500 करोड़ की ठगी का आरोप, पुलिस ने 6 दिन की रिमांड पर लिया

Breaking News : ढाई करोड़ की ठगी के आरोप में 32nd Milestone का डायरेक्टर गिरफ्तार

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤