अगर आपने भी नहीं भरा Property Tax तो अगला नंबर आपके मकान का हो सकता है !

Property Tax : नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जोन-2 टीम ने लंबे समय से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वाली तीन संपत्तियों को सील कर दिया।
नगर निगम की टीम ने बलदेव नगर, विजय पार्क और शिवाजी नगर में कार्रवाई करते हुए संबंधित संपत्तियों को सील किया। इन संपत्तियों पर कुल 38,73,096 रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। कार्रवाई के दौरान बलदेव नगर स्थित महेंद्र पाल की संपत्ति पर 12,79,796 रुपए, विजय पार्क स्थित शितिज सुखीजा की संपत्ति पर 10,06,573 रुपए तथा शिवाजी नगर स्थित संपत्ति पर 15,86,727 रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया पाया गया।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ पंकज द्वारा बकायेदारों से अपील की गई है कि वे अपना लंबित प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा करवाएं, ताकि सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। निगम की टीमें बकाया टैक्स की वसूली के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। नगर निगम का उद्देश्य राजस्व वसूली के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन सुनिश्चित करना है।
