आखिरकार Gurugram की सड़कों पर आवारा पशुओं की धरपकड़ हुई शुरु

Gurugram : शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को खुले में घूमने वाले पशुओं से मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तीसरे दिन निगम की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 24 पशुओं को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेजा।

नगर निगम का यह अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने तथा नागरिकों को सुरक्षित सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सड़कों और बाजारों में खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण आमजन, वाहन चालकों और राहगीरों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं।

आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान

पशुओं को पकड़ने के साथ-साथ नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आवारा कुत्तों के प्रबंधन की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। निगम की टीमें विभिन्न स्थानों से आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण करने के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बंधीकरण की कार्रवाई कर रही हैं। इसका उद्देश्य पशुओं के मानवीय एवं व्यवस्थित प्रबंधन के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा को बेहतर बनाना है।

अभियान में तेजी लाने के निगमायुक्त के निर्देश

नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में और अधिक तेजी लाई जाए तथा शहर के सभी चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम की टीमें पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। पशुओं को पकड़ने के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए।

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण नागरिकों को परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। इसलिए इस अभियान को पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पशुओं के प्रबंधन, आवारा कुत्तों के टीकाकरण एवं बंधीकरण के कार्य में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि अभियान का लाभ शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे।

नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि जनसुरक्षा, स्वच्छता और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए शहर में पशुओं का व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और स्थानों पर पशुओं को खुला न छोड़ें तथा अभियान को सफल बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤