गुरुग्राम में Apple का फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, करोड़ों की ठगी करने वाल 5 लड़कियों समेत 17 गिरफ्तार

Apple : साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित M3M डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में चल रहे इस कॉल सेंटर के जरिए अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को Apple Customer Service का प्रतिनिधि बनकर साइबर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 12 युवक और 5 युवतियों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अब तक हजारों विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।

M3M डिजिटल ग्रीन में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित M3M डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में अवैध रूप से एक इंटरनेशनल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर रेड की। यहां 12 युवक और 5 युवतियां कंप्यूटर सिस्टम पर हेडफोन लगाकर अंग्रेजी में विदेशी नागरिकों से बातचीत करते मिले। पुलिस ने जब कॉल सेंटर के संचालन, कंपनी रजिस्ट्रेशन, पेमेंट माध्यम, ग्राहकों के डेटा और टेलीकम्युनिकेशन लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

Apple Customer Service बनकर ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस जांच में साइबर ठगी का तरीका भी सामने आया है। आरोपी अमेरिका में iPhone इस्तेमाल करने वाले लोगों को एक फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजते थे। इसमें दावा किया जाता था कि उनके Apple Account से 5,000 अमेरिकी डॉलर का ट्रांजेक्शन प्रोसेस किया जा रहा है। अगर संबंधित व्यक्ति ने यह ट्रांजेक्शन नहीं किया है तो उसे रद्द कराने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने को कहा जाता था।

जब पीड़ित उस नंबर पर कॉल करता था तो कॉल सेंटर के कर्मचारी MicroSIP एप्लिकेशन के जरिए कॉल रिसीव करते थे और खुद को Apple Store या Apple Customer Service का प्रतिनिधि बताते थे। इसके बाद पीड़ित को विश्वास दिलाया जाता था कि उसका Apple Account किसी अन्य व्यक्ति ने एक्सेस कर लिया है।

TeamViewer और ConnectWise से लेते थे मोबाइल का एक्सेस

आरोपी विदेशी नागरिकों को अकाउंट सुरक्षित करने के नाम पर तकनीकी सहायता देने का झांसा देते थे। इसके लिए पीड़ितों के मोबाइल फोन में TeamViewer और ConnectWise जैसे रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन डाउनलोड करवाए जाते थे । इन एप्लिकेशन के जरिए आरोपियों को पीड़ितों के मोबाइल फोन का एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद वे नाम, पता, ईमेल आईडी और अन्य निजी जानकारियां हासिल करते थे।

फिर अकाउंट की सुरक्षा के लिए Additional Security के नाम पर 500 से 1,000 अमेरिकी डॉलर तक की रकम मांगी जाती थी। ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हासिल की जाती थी।

दिल्ली से शुरू हुआ था कॉल सेंटर का नेटवर्क, उद्योग विहार में भी किया संचालन

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो महीने से M3M डिजिटल ग्रीन में यह फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। इससे पहले करीब छह महीने तक उद्योग विहार, गुरुग्राम में भी इसी तरह का कॉल सेंटर संचालित किया गया था । उद्योग विहार से पहले आरोपी दिल्ली में भी कॉल सेंटर चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर विदेशी नागरिकों को निशाना बनाते थे।

इस नेटवर्क के मुख्य संचालकों के रूप में दिल्ली निवासी चिरगुदीन और शुभम के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इनकी भूमिका और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।

30 से 50 हजार रुपये तक मिलती थी सैलरी और कमीशन

पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला है कि कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों को उनकी भूमिका के अनुसार 30 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाता था। इसके अलावा उन्हें कमीशन भी मिलता था । गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक है।

17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप और 5 मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने मौके से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 17 कंप्यूटर (PC), 6 लैपटॉप और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है । पुलिस इन उपकरणों के जरिए इस्तेमाल किए गए सॉफ्टवेयर, इंटरनेट कॉलिंग एप्लिकेशन, रिमोट एक्सेस टूल्स, विदेशी पीड़ितों की जानकारी और ठगी की रकम के लेन-देन का पता लगाने में जुटी है।

BNS और IT Act की धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में साइबर अपराध दक्षिण थाना, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319 और 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 43, 66, 66D और 75 के तहत मुकदमा दर्ज किया है । पुलिस अब कॉल सेंटर के मुख्य संचालकों, अन्य सहयोगियों और ठगी की रकम के नेटवर्क की जांच कर रही है।

गुरुग्राम पुलिस की लोगों से अपील

गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी अनजान व्यक्ति खुद को Apple, बैंक या किसी प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर संपर्क करे तो उसकी पहचान की पुष्टि जरूर करें । किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर TeamViewer, AnyDesk या ConnectWise जैसे रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन डाउनलोड न करें और न ही अपने मोबाइल या कंप्यूटर का एक्सेस किसी को दें।

किसी संदिग्ध पॉप-अप या ट्रांजेक्शन अलर्ट में दिए गए अनजान नंबर पर कॉल करने के बजाय संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत कस्टमर केयर से ही संपर्क करें।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤