Haryana News : हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, रोहतक-हिसार-अंबाला-सोनीपत और करनाल में बनेंगे 100-100 बेड के अस्पताल

Haryana : हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि बावल औद्योगिक क्षेत्र में ESI अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हैडओवर होने पश्चात तीन महीने के भीतर अस्पताल का फर्नीचर, उपकरण और स्टाफ को नियुक्त कर जल्द जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि रोहतक, हिसार, अंबाला, सोनीपत और करनाल में 100-100 बिस्तर के अस्पताल बनाए जाने हैं। जिसके तहत भूमि हस्तांतरण का कार्य प्रगति पर है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल विज आज यहां हरियाणा विधानसभा में चल रही मॉनसून सत्र के दौरान बावल के विधायक डॉ कृष्ण कुमार की ओर लगाए गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जहां पर भी श्रमिकों की ज्यादा मांग है। वहां पर 100 बिस्तर का एक अस्पताल जरूर बनाया जाए और इस संबंध में सरकार ने जमीन रियायत दरों पर देने की बात की है।

उन्होंने कहा कि बावल का ESI अस्पताल, नई दिल्ली की ओर से बनाया जाना है और इसका निर्माण कार्य सीपीडब्ल्यूडी की ओर से किया जा रहा है। इस अस्पताल का निर्माण कार्य 85 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है और इस अस्पताल के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए केन्द्रीय श्रम मंत्री से पत्राचार किया गया है।
वहीं विज ने विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में ईएसआई की ओर चलाए जा रही विभिन्न परियोजनाओं के बारे में भी उनके द्वारा लिखा गया है। जिसके तहत बल्लभगढ में 100 बिस्तर का ESI अस्पताल, पंचकूला में बनाई जा रही ESI डिस्पेंसरी, सोनीपत का ESI अस्पताल और डिस्पेंसरी का निर्माण कार्य के बारे में पत्राचार किया गया है। इसके अलावा, केन्द्रीय मंत्रालय/विभाग के साथ राज्य के श्रम विभाग के अधिकारी विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने के लिए लगातार बातचीत कर रहा है।










