Killed Husband With Lover : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को यूं उतारा मौत के घाट, Youtube से सीखा शव ठिकाने लगाने का तरीका

Killed Husband With Lover : प्रेम प्रसंग में बाधक बने पति को रास्ते से हटाने के लिए एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की योजना बनाने और शव को ठिकाने लगाने का तरीका उन्होंने यू-ट्यूब से सीखा। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रेमी, मृतक की पत्नी सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला ?

28 जुलाई 2025 को, एक महिला ने गुरुग्राम के उद्योग विहार थाने में अपने 37 वर्षीय पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की । बाद में, 31 जुलाई को, उसी महिला ने रविंद्र नाम के एक व्यक्ति पर बलात्कार और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए एक और शिकायत दी । उसने पुलिस को बताया कि रविंद्र ने उसके पति को अगवा करने की धमकी दी थी और उसे शक है कि रविंद्र ही उसके पति के लापता होने के पीछे है ।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रविन्द्र के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज करते हुए आरोपी रविंद्र को 1 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया । पूछताछ के दौरान रविंद्र ने चौंकाने वाले खुलासे किए । उसने बताया कि उसके और शिकायतकर्ता महिला के बीच अवैध संबंध थे । उन्होंने मिलकर महिला के पति की हत्या की योजना बनाई ।

Youtube से सीखा हत्या का तरीका

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रविंद्र और महिला ने मिलकर पति की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने के तरीके इंटरनेट और यू-ट्यूब पर देखे थे । योजना के अनुसार, 26 जुलाई 2025 को रविंद्र ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़ित का अपहरण किया। उन्होंने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, रविंद्र अपने चाचा संतरपाल के पास गया । संतरपाल, जो मोहम्मदपुर गांव में गाय-भैंसों की देखभाल का काम करता है, ने रविंद्र के कहने पर एक गड्ढा खोदा । इसी गड्ढे में रविंद्र और उसके साथियों ने शव को दफना दिया ताकि वह सड़ जाए और कोई बदबू न आए।

हत्याकांड का खुलासा और गिरफ्तारी

आरोपी रविंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने 1 अगस्त 2025 को मोहम्मदपुर गांव से शव को बरामद किया । इसके बाद, पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए रविंद्र के दो साथियों मनीष और फरियाद को 2 जुलाई 2025 को मेरठ से गिरफ्तार किया । इन दोनों ने भी अपना अपराध स्वीकार किया ।

पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद 2 अगस्त 2025 को मृतक की पत्नी सोनी देवी और रविंद्र के चाचा संतरपाल को भी गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया । सोनी देवी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी और फिर रविंद्र पर झूठा बलात्कार का आरोप लगाया था । पुलिस ने बताया कि सोनी देवी और रविंद्र के प्रेम प्रसंग की जानकारी उनके पति को बच्चों के जरिए मिली थी, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची ।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि संतरपाल को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button