100% रिफंड का वादा, फिर नंबर ब्लॉक… गुरुग्राम में बड़ा Weight Loss Scam उजागर, तीन महिलाएं गिरफ्तार

Weight Loss Scam : गुरुग्राम में बैठकर देश के लोगों को मोटापा घटाने का झांसा देकर ठगी की शिकार बनाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है । पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है जो फर्जी कॉल सेंटर के जरिए लोगों को अपने झांसे में लेती और मोटापा कम करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का शिकार बनाती थी । पुलिस ने इनके पास से 100 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद किए हैं ।

मोटापा घटा नहीं बैंक बैलेंस खत्म

गिरफ्तार की गई तीनों महिलाओं से जब पुलिस टीम ने पूछताछ की तो पता चला कि ये फर्जी कॉल सेंटर में बैठकर सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालते और फिर जब कोई ग्राहक इनको कॉल करता तो ये लोगों को अपने झांसे में लेकर मोटापा कम करने की दवाईंयां बेचती, मोटापा कम ना होने पर 100 प्रतिशत पैसे वापिस देने की गारंटी भी देती लेकिन दवाइयां बेचने के बाद नंबर ब्लॉक कर दिया जाता, क्योंकि जो दवाइयां बेची जा रही थी उनके कोई मोटापा कम नहीं होता था ।

गुजरात के लोगों को लगाया करोड़ों का चूना

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए गुजरात के कई लोगों को मोटापा कम करने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया है । इसके अलावा देश के कई राज्यों के लोगों से ऐसे ही करोड़ो रुपए ठगे गए हैं । गिरफ्तार की गई तीनों महिलाएं दिल्ली, उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं ।

गुरुग्राम पुलिस के एसीपी गौरव फोगाट निर्देशन में इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ 26 जून को उद्योग विहार फेज-5, गुरुग्राम में छापेमारी करते हुए 3 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है । आरोपियों की पहचान मंदीप निवासी आया नगर, दिल्ली हाल निवासी चकरपुर, गुरुग्राम, 2. नेहा निवासी रंगपुरी, दिल्ली तथा 3. वर्षा निवासी मैनपुरी, उत्तर-प्रदेश हाल निवासी सुशांत लोक, गुरुग्राम के रूप में हुई ।

पुलिस पूछताछ व जांच में ज्ञात हुआ कि Curest Science and Wellness Pvt. Ltd. के नाम से फेसबुक व इंस्टाग्राम पेज बनाकर उन पर वजन कम करने की हर्बल दवाईयां बेचने के विज्ञापन चलाए जाते थे। जब कोई व्यक्ति इन विज्ञापनों को देखकर उस पेज पर क्लिक करता तो उसके बाद कॉल सेंटर से आरोपियों द्वारा उस व्यक्ति से बात की जाती थी तथा उनको वजन कम करने की दवाईयां बेची जाती थी। तथा उन दवाईयां से वजन कम नहीं होता था तथा लोगों को वजन कम नहीं होने पर 100% रिफंड देने की बात कही जाती थी लेकिन उसके बाद लोगों को रिफंड नहीं दिया जाता है तथा उनको ब्लॉक कर दिया जाता था।

आरोपियों द्वारा स्वयं को ब्यूटीशियन, डाइटिशियन तथा डॉक्टर होने की बात कह कर लोगों को गुमराह करके ठगी की वारदात को अंजाम दिया जाता था । जांच में यह भी सामने आया कि धोखाधड़ी में प्रयोग किए गए मोबाइल नंबर कंपनी के कर्मचारियों को आवंटित किए गए थे तथा पूरे संचालन का नियंत्रण कंपनी के मैनेजर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO), डायरेक्टर/मालिक एवं अन्य सहयोगियों द्वारा किया जा रहा था।

भारी मात्रा में मोबाइल बरामद

पुलिस टीम ने मौके से ठगी में इस्तेमाल होने वाले 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड एवं 12 लैपटॉप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य कब्जे में लेकर नियमानुसार जब्त किए हैं । मामले की जांच जारी है । जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button