Weather Update : उत्तर भारत के 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, तेज़ हवाओं के साथ करवट लेगा मौसम

Weather Update : देश के मैदानी इलाकों में जहाँ एक ओर बसंती धूप ने दस्तक दे दी है और ठंड का असर कम होने लगा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन रही है ।
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का अनुमान
आज यानी 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है।
13 से 17 फरवरी तक ‘येलो अलर्ट’ (Weather Update)
मौसम विभाग की मानें तो असली असर 13 फरवरी से दिखाई देगा। आगामी 13 से 17 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के तीव्र होने से 6 राज्यों में भारी बदलाव देखने को मिल सकता है:
पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ तेज बारिश।
मैदानी राज्य: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की भी आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर: सुबह कोहरा, दोपहर में सुहाना मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है। 13 फरवरी तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है। Gurugram में अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम तापमान 9°C के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
UP, बिहार और झारखंड का हाल
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर देखने को नहीं मिलेगा। इन राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी। यहाँ न्यूनतम तापमान फिलहाल 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।









