UER 2 Extension Plan: हरियाणा-राजस्थान से नोएडा जाना होगा आसान, दिल्ली के जाम से मिलेगी राहत

NHAI ने इस विस्तार परियोजना को दो मुख्य खंडों (Sections) में विभाजित किया है, जिसके लिए अलग-अलग एजेंसियों को 'डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट' (DPR) तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है।

UER 2 Extension Plan : दिल्ली के भीतर वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने और पड़ोसी राज्यों के बीच संपर्क को बेहतर बनाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) को अब अलीपुर से आगे बढ़ाते हुए नोएडा और गाजियाबाद से जोड़ने की तैयारी है। इस कदम से न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि दिल्ली की आंतरिक सड़कों पर प्रदूषण और जाम में भी कमी आएगी।

NHAI ने इस विस्तार परियोजना को दो मुख्य खंडों (Sections) में विभाजित किया है, जिसके लिए अलग-अलग एजेंसियों को ‘डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट’ (DPR) तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है।

पहला खंड (अलीपुर से मंडोला):

17 किलोमीटर लंबा हिस्सा होगा, जो उत्तरी दिल्ली के अलीपुर को लोनी स्थित मंडोला के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

दूसरा खंड (मंडोला से नोएडा):

 45 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा, जो मंडोला से शुरू होकर नोएडा में फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (FNG) एक्सप्रेसवे के शुरुआती छोर तक जाएगा।

वर्तमान में हरियाणा और राजस्थान से नोएडा या गाजियाबाद जाने वाले यात्रियों को दिल्ली के व्यस्त इलाकों जैसे मुकरबा चौक, कश्मीरी गेट या आश्रम से होकर गुजरना पड़ता है। इस नए हाईवे के बनने के बाद, वाहन दिल्ली के बाहर-बाहर ही अपनी मंजिल तक पहुँच सकेंगे। इससे दिल्ली के रिंग रोड और आउटर रिंग रोड पर वाहनों का बोझ काफी कम हो जाएगा।

NHAI के अधिकारियों के अनुसार, डीपीआर तैयार कर रही एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे कम से कम तीन अलग-अलग रूट (Alignments) के विकल्प दें। इसके लिए एजेंसियों को 6 महीने का समय दिया गया है। सबसे सटीक और कम बाधाओं वाले रूट को फाइनल किया जाएगा।

बता दें कि UER-2 का 75.7 किलोमीटर लंबा हिस्सा (द्वारका से अलीपुर तक) पहले ही शुरू हो चुका है, जिसका उद्घाटन 17 अगस्त को किया गया था। इस हिस्से के चालू होने से सिंघु बॉर्डर से आईजीआई एयरपोर्ट की दूरी महज 40 मिनट में तय होने लगी है। अब इस नए विस्तार के बाद यह कॉरिडोर पूरे एनसीआर के लिए एक ‘गेम चेंजर’ साबित होगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤