Tyre Thief : ‘टायर चोर गैंग’ के 2 आरोपी गिरफ्तार : रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों से गायब कर देते थे चारों पहिए

क्राइम ब्रांच मानेसर की बड़ी कामयाबी: चोरी की कार से सोसायटियों और सड़कों पर करते थे रेकी, पूछताछ में गुरुग्राम की 16 वारदातों का सनसनीखेज खुलासा

Tyre Thief : दिल्ली-एनसीआर से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में रात के अंधेरे में सोसायटियों के बाहर और सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर उनके कीमती टायर व रिम उड़ाने वाले एक शातिर गैंग का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच मानेसर की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपए की कीमत के चोरी के टायर, अलॉय व्हील और रिम बरामद किए हैं।

सेक्टर-93 की सोसायटी के बाहर से चोरी हुए थे चारों टायर : Tyre Thief

इस हाईप्रोफाइल चोरी मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 9 मई 2026 को एक पीड़ित ने पुलिस चौकी सेक्टर-93 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने अपने दोस्त की कार को एमआरजी बालकनी सोसायटी, सेक्टर-93 के बाहर सर्विस लेन पर पार्क किया था। अगली सुबह जब वह गाड़ी के पास पहुंचा, तो कार के नीचे से चारों टायर और रिम गायब थे और गाड़ी ईंटों/जैक के सहारे खड़ी थी। इस शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस थाना सेक्टर-10 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल, अलग-अलग जगहों से दबोचे गए आरोपी : Tyre Thief

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी कमान अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) मानेसर को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • सागर (उम्र 28 वर्ष): निवासी शक्ति पार्क, गुरुग्राम (इसे 26 मई को शक्ति पार्क से ही दबोचा गया)।

  • नवीन (उम्र 35 वर्ष): निवासी गांव उजीना, जिला नूंह (इसे 27 मई को एनएच-8 सर्विस रोड, राजनगर, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया)।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसके दौरान इनसे गहन पूछताछ की गई।

चोरी की कार से करते थे रेकी, 1500 रुपये में बेच देते थे कीमती टायर : Tyre Thief

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी सागर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले चोरी की एक कार में सवार होकर शहर की पॉश सोसायटियों और सुनसान सड़कों पर खड़ी महंगी गाड़ियों की रेकी करता था। मौका मिलते ही ये लोग जैक की मदद से गाड़ी को उठाते थे और चंद मिनटों में चारों टायर रिम सहित निकालकर रफूचक्कर हो जाते थे।

इस गिरोह का दूसरा आरोपी नवीन, चोरी के इन टायरों को खरीदने का धंधा करता था। सागर चोरी किए गए इन कीमती टायरों को नवीन को महज 1500 से 2000 रुपये प्रति टायर के कौड़ियों के दाम पर बेच देता था। पूछताछ के दौरान आरोपी सागर ने गुरुग्राम जिले में ऐसी ही करीब 16 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

लाखों का माल और औजार बरामद : Tyre Thief

3 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है:

  • कुल बरामद टायर: 53 पीस

  • रिम: 08 पीस

  • अलॉय व्हील (Alloy Wheels): 08 पीस

  • वारदात में इस्तेमाल औजार: 01 जैक

  • नकदी: 600 रुपए

गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को आज (30 मई को) दोबारा माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में सागर के अन्य साथियों और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली कार की तलाश में जुटी है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button