Traffic police Action : पटाखा बुलेट चलाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, 89 चालकों पर नौ लाख का जुर्माना
पुलिस ने घोषणा की है कि 'पटाखा' साइलेंसर का प्रयोग करने वाले चालकों के वाहनों को जब्त किया जा सकता है। इसके अलावा, संशोधित मोटर वाहन अधिनियम के तहत इन पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

Traffic police Action : सड़कों पर तेज और कानफोड़ू आवाज करने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर लगाम लगाने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत एक से 19 सितंबर 2025 तक पटाखा साइलेंसर और गैर-कार्यशील साइलेंसर का उपयोग करने वाले 89 वाहन चालकों पर 8,90,000 का भारी जुर्माना लगाया गया है।
गुरुग्राम पुलिस ने इस अभियान का मुख्य मकसद शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना और सड़क हादसों को कम करना बताया है। पुलिस का कहना है कि कुछ दुपहिया वाहन चालक प्रेशर हॉर्न और पटाखा साइलेंसर का इस्तेमाल करके न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि इससे अन्य लोगों को भी परेशानी होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस साल एक जनवरी से 31 अगस्त 2025 तक, पुलिस ने ऐसे 515 वाहनों का चालान किया, जिनसे कुल 51,50,000 का जुर्माना वसूला गया है।
यातायात पुलिस, गुरुग्राम ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और एक जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें। पुलिस ने नागरिकों को इन नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
दोपहिया वाहन पर केवल दो लोग ही सफर करें।
वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।
गलत या विपरीत दिशा में वाहन न चलाएं।
नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
रेड लाइट होने पर स्टॉप लाइन से पहले ही रुकें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि वे शहरवासियों की सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर हैं।