Traffic News: गुरुग्राम की सड़कों पर मिलेगा रेड लाइट फ्री सफर, पुलिस ने शुरू की नई पहल
पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके सुझाव लेने के लिए नियमित रूप से 'ट्रैफिक दरबार' आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है

Traffic News: गुरुग्राम के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। अब शहर में 8 ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जहाँ वाहन चालकों को लगातार हरी बत्तियाँ मिलेंगी, जिससे उनका सफर और भी आसान हो जाएगा। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई एक अहम बैठक में इस योजना पर मुहर लगी।
स्मार्ट सिग्नल से रेड लाइट फ्री सफर: डीसीपी यातायात डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि स्मार्ट सिग्नल्स का इस्तेमाल करके 8 ग्रीन कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। इन कॉरिडोर पर अगर आप 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलते हैं, तो आपको आगे की सभी लाइट्स हरी मिलेंगी। इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी।
इफ्को चौक पर प्रीपेड ऑटो:
यात्रियों की सुविधा के लिए इफ्को चौक पर प्रीपेड ऑटो बूथ स्थापित करने का फैसला लिया गया है।
शहर के आठ ग्रीन कॉरिडोर:
बख्तावर चौक से कन्हई टी-पॉइंट
तिघरा कट से एसपीआर सेक्टर 70
वजीराबाद से हॉन्ग कॉन्ग मार्केट
इफको मेट्रो स्टेशन से Z चौक
कन्हई गांव से गुड अर्थ मॉल
पारस ट्रिनिटी से गुज्जर (रामबाग चौक)
वर्ल्ड स्पा सेक्टर 31 से जलवायु विहार (सेक्टर 31 रोड)
डीएलएफ फेज-5 से आर्डी सिटी कन्हई चौक
अवैध नंबर प्लेट पर शिकंजा:
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट या एचएसआरपी नंबर प्लेट के बिना चलने वाली और गाड़ियों पर ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान:
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को रोकने के लिए पुलिस अब समय और स्थान बदलकर लगातार नाकेबंदी करेगी।
ट्रैफिक मार्शल और डिलीवरी चालकों पर नजर: स्कूलों के पास ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएंगे और डिलीवरी चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए उनकी कंपनियों से संपर्क किया जाएगा।
आम जनता के लिए दरबार
पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके सुझाव लेने के लिए नियमित रूप से ‘ट्रैफिक दरबार’ आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और सुधारा जा सके। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि इन सभी प्रयासों से गुरुग्राम की सड़कें और भी सुरक्षित और सुगम बनेंगी।