Traffic Challan : गुरुग्राम में ट्रैफिक का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन! 27 दिन में 21,943 चालान, 2 करोड़ का जुर्माना

Traffic Challan : गुरुग्राम की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने नवंबर महीने में रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन IPS के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1 नवंबर 2025 से 27 नवंबर 2025 तक कुल 21,943 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जिनमें सभी बिना हेलमेट पकड़े गए उल्लंघनकर्ता थे। इनसे वसूला गया कुल जुर्माना 2 करोड़ 19 लाख 43 हजार रुपए तक पहुंच गया, जो गुरुग्राम में एक महीने में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाना शहर में सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण बनता जा रहा है। इसी वजह से पुलिस ने नवंबर में सख्ती बढ़ाते हुए खास अभियान चलाया, जिसमें प्रमुख चौराहों, मेट्रो स्टेशनों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य बाजारों में लगातार चेकिंग की गई।
इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता भी तेज कर दी है। स्कूलों, कंपनी ऑफिसों, यूनियनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की टीमों द्वारा ‘यातायात पाठशाला’ चलाकर लोगों को नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है, ताकि हादसों में होने वाली जान-माल की हानि को कम किया जा सके।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, दोपहिया पर दो से अधिक लोग सवारी न करें, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं। पुलिस का कहना है कि ऐसे कड़े अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों को किसी सूरत में राहत नहीं मिलेगी।
गुरुग्राम पुलिस का साफ संदेश है—यदि सड़क पर उतरना है, तो हेलमेट लगाना अनिवार्य है।