Traffic Challan : गुरुग्राम की सड़कों के ‘धुरंधर’ एक महीने में पौने दो करोड़ का ठुकवाया जुर्माना

Traffic Challan : गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की पालना ना करने वालों के धड़ाधड़ चालान काटे जा रहे हैं । गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में ट्रैफिक नियमों का पालना ना करने वालों पर पौने दो करोड़ रुपए से ज्यादा का जुर्माना लगाया है । कहने को तो गुरुग्राम एक हाइटेक शहर है लेकिन गुरुग्राम की सड़कों पर लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों की भरमार है ।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने के प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि 01.06.2026 से 07.06.2026 तक यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा कुल 13,195 चालान किए गए। जिसमें रॉंग साइड ड्राइविंग 1365, रोड मार्किंग 300, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट 764, बिना सीट बेल्ट 528, ड्राइवर बिना हेल्मेट 847, ड्रंकन ड्राइविंग 498, रॉंग पार्किंग 1229, डेंजरस यू-टर्न 89, ट्रिपल राइडिंग 221, ओवरस्पीड 30, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग 56, ध्वनि प्रदूषण 48, लेन चेंज 1584 आदि चालान शामिल है। इस अवधि के दौरान किए चालानो से कुल 1 करोड़ 84 लाख 85 हजार 900 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

#ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत सुरक्षा रथ के माध्यम से 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 450 से अधिक नागरिकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल 112 तथा हेल्पलाइन नंबर 1095 के बारे में जानकारी दी गई। इन कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों को यातायात सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे अपनी लेन में ड्राइविंग करना, रॉंग साइड ड्राइविंग से बचना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करना, हेल्मेट का प्रयोग करना तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा नागरिकों को “ट्रैफिक मित्रा” के रूप में जोड़ा जा रहा है। इसके लिए SOP जारी की गई है और अब तक 188 से अधिक नागरिकों ने आवेदन किया है व विभिन्न संस्थानो के साथ मिलकर 800 से अधिक ट्रैफिक मार्शल भी बनाए जा चुके है।

ट्रैफिक मित्रा बनने हेतु इच्छुक व्यक्ति गुरुग्राम के स्थायी निवासी या कार्यरत हों, शिक्षित, निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले तथा शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ हों। आवेदन फार्म पुलिस उपायुक्त यातायात, गुरुग्राम कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। जिसमें करीब 39 ट्रैफिक मित्रा की ट्रैनिंग ट्रैफिक टावर स्थित TEC (IRTE) सैंटर में अब तक पूरी कराई जा चुकी है।

यातायात पुलिस गुरुग्राम आमजन से अपील करती है कि #ChallanNahiSalamMilega अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें, यातायात नियमों की पूर्ण पालना करें और सुरक्षित व अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button