Traffic Advisory : खेड़की दौला टोल बचाने वाली सड़क एक महीने के लिए बंद, जानें टोल बचाने का नया रुट !

Traffic Advisory : शहर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) द्वारा साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर लेग-IV मास्टर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत क्रॉस-ड्रेनेज कनेक्शन का कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते सेक्टर 75/76 डिवाइडिंग रोड की क्रॉसिंग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

क्रॉस-ड्रेनेज कनेक्शन के लिए लिया गया निर्णय

जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, मास्टर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन परियोजना के तहत पानी की निकासी को सुचारु बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर क्रॉस-ड्रेनेज कनेक्शन बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेक्टर 75 और सेक्टर 76 के बीच स्थित डिवाइडिंग रोड पर पाइपलाइन और ड्रेनेज संरचना को जोड़ने का काम किया जा रहा है । निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और सुचारु कार्य के लिए इस क्रॉसिंग को फिलहाल बंद रखना आवश्यक है।

एक महीने के लिए रोड़ रहेगी बंद (Traffic Advisory)

जीएमडीए ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सेक्टर 75/76 क्रॉसिंग से होकर गुजरने से बचें । यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए दरबारीपुर रोड और सेक्टर 76/77 डिवाइडिंग रोड को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है । इस रोड़ को एक महीने के लिए बंद किया जा रहा है ।

खेड़की दौला टोल से बचने के रास्ता हुआ लंबा

इस रोड़ का इस्तेमाल अक्सर वो लोग करते हैं जो कि खेड़की दौला टोल पर टैक्स नहीं देना चाहते । गुरुग्राम की तरफ से आने वाले वाहन द्वारका एक्सप्रेसवे क्लोवरलीफ से एसपीआर की तरफ आकर फिर सेक्टर 75/76 की रोड़ पर चलते हैं और खेड़की दौला टोल प्लाजा पार करके शिकोहपुर मोड़ पर निकलते हैं लेकिन अब ये सड़क अगले एक महीने तक बंद रहेगी ।

टोल बचाने के लिए अपनाएं दूसरा रास्ता

खेड़की दौला टोल रुट पर आने जाने वाले रोज़ाना के वाहन चालकों को अब दूसरा रुट एख्तियार करना पड़ेगा । अब ऐसे वाहन चालकों के लिए टोल बचाने का रास्ता और लंबा हो गया है । अगर आप गुरुग्राम की तरफ से आ रहे हैं और खेड़की टोल टैक्स बचाना चाहते हैं तो आपको एसपीआर रोड़ पर अलमेड़ा चौक पर आना पड़ेगा वहां से दाएं दरबारी पुर गांव की तरफ जाना होगा और फिर पहाड़ी के रास्ते होते हुए सेक्टर 75/76 डिवाइडिंग रोड़ का इस्तेमाल करना होगा । (Traffic Advisory)

दूसरा विकल्प

अगर आप इस रुट पर नहीं आना चाहते तो आपको द्वारका एक्सप्रेसवे क्लोवरलीफ पर सेक्टर 99 की तरफ जाना होगा और वाटिका इंडिया नेक्सट के अंदर से होते हुए नेशनल हाइवे 48 पर निकलना होगा जोकि आपके सफर का समय बढा सकता है ।

जलभराव से राहत के लिए महत्वपूर्ण परियोजना

अधिकारियों के अनुसार, साउदर्न पेरिफेरल रोड और आसपास के क्षेत्रों में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। मास्टर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन के निर्माण से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी और कई सेक्टरों को जलभराव से राहत मिलेगी।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यातायात होगा सामान्य

जीएमडीए का कहना है कि क्रॉस-ड्रेनेज कनेक्शन का कार्य पूरा होते ही रोड क्रॉसिंग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा । जिसमें करीब एक महीने का समय लगेगा । तब तक नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button