Tiranga Yatra: गुरुग्राम में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री ने शहीदों को किया नमन

राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज का भारत युवा शक्ति और राष्ट्रभक्ति से भरा है। उन्होंने सभी नागरिकों से देशहित को सबसे ऊपर रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Tiranga Yatra: आजादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसभा में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अगुवाई में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा सेक्टर-22 स्थित कृष्णा चौक से शुरू होकर रेजांगला चौक पर समाप्त हुई, जहां मंत्री ने वीर शहीदों को नमन किया।

यात्रा के समापन पर लोगों को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज का भारत युवा शक्ति और राष्ट्रभक्ति से भरा है। उन्होंने सभी नागरिकों से देशहित को सबसे ऊपर रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा, जन-जन तिरंगा’ के नारे को दोहराते हुए कहा कि तिरंगा हमारी शान है और यह भावना हर नागरिक के दिल में होनी चाहिए।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाना है। उन्होंने लोगों से 14 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते समय हैशटैग का इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि और लोग भी इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय एक साथ मिलकर 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प ले रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि बच्चों को बचपन से ही देश की एकता और अखंडता का महत्व समझाएं। यदि उन्हें शहीदों और सैनिकों की कहानियाँ सुनाई जाएंगी, तो उनमें सम्मान और गर्व की भावना पैदा होगी, और वे बड़े होकर देश का गौरव बनेंगे। इस यात्रा में भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और कई पार्षद भी शामिल हुए।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!