THAR Accident : गुरुग्राम की ‘क़ातिल’ थार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के शौक ने छीन ली ज़िंदगी

THAR Accident : होली के दिन गुरुग्राम में THAR कार एक बार फिर से कातिल साबित हुई है । जब एक रॉन्ग साइड चल रही थार कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई । बड़ी बात ये है कि होली से ठीक पहले गुरुग्राम पुलिस ने दावा किया था कि गुरुग्राम में सुरक्षा के लिहाज से जगह जगह पुलिस नाके लगाए जाएंगे और हुड़दंगियों पर कड़ी निगरानी की जाएगी लेकिन जिस थार ने बाइक सवार को टक्कर मारी उस पर आगे पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई और रॉन्ग साइड ड्राइविंग की वजह से एक बेकसूर की जान ले ली ।

कितनों की जान लेगी लापरवाही ?

ये पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम THAR कार चालक की वजह से इस तरह की लापरवाही से किसी की जान गई है इससे पहले भी रईसी के नशे में चूर कार चालक ऐसी लापरवाही करते हैं जो दूसरों की जिंदगी पर भारी पड़ती है । दरअसल बुधवार दोपहर करीब साढे 12 बजे पलवल का रहने वाला मुकेश बघेल जो कि गुरुग्राम के सेक्टर 44 में पेट्रोल पंप पर काम करता है वो अपनी बाइक से सेक्टर 44 से व्यापार केंद्र रोड़ पर पेट्रोल पंप के काम से अपनी स्पलेंडर बाइक से जा रहा था ।

Thar Accident
थार की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई बाईक

उसी दौरान व्यापार केंद्र रोड़ पर सामने से वन वे पर एक सफेद रंग की थार गाड़ी रॉन्ग साइड बड़ी तेज़ रफ्तार में आई जिसने सामने से आ रहे बाइक सवार मुकेश को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में मुकेश गंभीर रुप से घायल हो गया जिसको लोगों ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन मुकेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई ।

मौके पर गाड़ी छोड़ फरार हुए रईसजादे

भीषण सड़क हादसा होते ही आरोपी थार कार चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया । मौके पर मौजूद लोगों ने थार गाड़ी की वीडियो भी बनाई जिसमें गाड़ी के आगे-पीछे नंबर प्लेट ही नहीं लगी हुई और ये कार चालक धड्ड़ल्ले से गुरुग्राम में अपनी रईसजादी दिखाकर चल रहा था ।

Thar Accident
इसी थार कार से हुआ एक्सीडेंट

पुलिस ने गाड़ी जब्त की

हादसे के बाद सुशांत लोक पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और मौके से आरोपी की थार कार को जब्त कर लिया । पुलिस ने मृतक मुकेश के भाई की शिकायत के आधार पर थार कार के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तार नहीं हो पाई है ।

पूर्व डीजीपी ने पहले ही चेताया था

आपको याद होगा कि पिछले साल ही हरियाणा के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने कहा था कि THAR कार चालक का दिमाग घूमा हुआ होता है । थार कार लेकर लोग अपना रुतबा दिखाते हैं और आम इंसान की जिंदगी को कुछ नहीं समझते । तत्कालीन डीजीपी का बयान आने के बाद बहुत से लोगों ने इस बयान का विरोध जताते हुए कहा था कि डीजीपी ने सभी थार कार चालकों को क्रिमिनल बोला है । लेकिन आए दिन थार कार चालकों द्वारा किए जाने वाले खतरनाक स्टंट और इस तरह की लापरवाही करके लोगों की जान लेने की जब वीडियो सामने आती है तो पूर्व डीजीपी की बाते चरितार्थ होती हुई दिखती हैं ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button