Super Bike : हेलमेट न पहनने की जिद पड़ी महंगी, 70 हज़ार रुपए की बाइक, 5 लाख का चालान !
जब इस बाइक के कागजात चैक किए गए तो पता चला कि इस मोटरसाइकिल के 41 बार Motor Vehicle Act 1988 के तहत चालान काटे जा चुके हैं ।

Super Bike : गुरुग्राम में वाहन चालक कभी तो अपनी लापरवाही के चलते चर्चा में आते हैं तो कभी स्टंटबाज़ी करके । लेकिन इस बार एक बाइक चालक इसलिए चर्चा में है क्योंकि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक को जब्त किया जिसके इतने चालान कटे हुए हैं जितने पैसों में गाड़ी आ जाए । गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक स्पलेंडर बाइक को जब्त किया जिसके अब तक 41 चालान काटे जा चुके हैं जो कि अभी तक पेंडिंग हैं ।
लोग नाम दे रहे ‘Super Bike’
जैसे ही ये जानकारी सोशल मीडिया पर आई लोग इसे Super Bike का नाम देने लगे हैं । इस हीरो स्लेंडर बाइक (Hero Splender Plus Bike) के 41 चालान काटे जा चुके हैं जिसका कुल जुर्माना 4 लाख 81 हज़ार रुपए बकाया है । चालान भी इतने भारी भरकम हो चुके हैं कि इतने में एक शानदार चार पहिया गाड़ी खरीदी जा सकती है ।
Delhi Border पर पकड़ी गई ‘Super Bike’
दरअसल गुरुवार को गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वरा विशेष चालान अभियान चलाकर चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है जिसमें दिल्ली गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा बॉर्डर पर जोनल ऑफिसर सब इंस्पेक्टर अशोक ने अपने सहकर्मियों के साथ चैकिंग के लिए एक हीरो स्पलेंडर बाइक को रुकवाया । जब इस बाइक के कागजात चैक किए गए तो पता चला कि इस मोटरसाइकिल के 41 बार Motor Vehicle Act 1988 के तहत चालान काटे जा चुके हैं ।
हेलमेट ना पहनने की जिद पड़ी महंगी
ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने जानकारी दी है कि इस बाइक के बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना इंश्योरेंस, बिना पॉल्युशन सर्टिफिकेट, बिना HSRP नंबर प्लेट, बिना हेलमेट के चालान कटे हुए हैं । जिनका कुल जुर्माना लगभग 4,81,000 रुपए बनता है । ये सारे चालान सिर्फ गुरुग्राम में ही कटे हैं । 41 चालान में से 28 चालान गुरुग्राम के सेक्टर 12 चौक सिग्नल पर बिना हेलमेट के कटे हैं जो कि ऑटोमैटिक कैमरे के काटे गए हैं ।

जानकारी के मुताबिक ये बाइक साल 2014 में खरीदी गई थी जो कि बहादुरगढ के पते पर रजिस्टर्ड है । जितने भी चालान इस बाइक के कटे हैं सभी चालान पिछले एक साल के भीतर ही कटे हैं । दिल्ली गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा बॉर्डर पर पकड़ी गई इस बाइक को गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने जब्त कर लिया है क्योंकि इस बाइक चालक ने 90 दिनों के अंदर अपने चालान नहीं भुगते थे ।
यातायात पुलिस गुरुग्राम आप सभी वाहन चालको से अपिल करती है कि आप सभी यातायात नियमो का पालन करे और अपने वाहनो पर HSRP नंबर प्लेट लगवाना सुनिश्चित करें। बगैर HSRP नंबर प्लेट के वाहन न चलाए, जिससे पुलिस को शरारती/अपराधिक/असामाजिक तत्व को पकडने में सहायता मिलेगी और उनपर लगाम लगाने में मदद भी मिलेगी।











