Smart Police : पुलिस को मिले नाइट-विज़न बॉडी कैमरे, बदतमीजी और नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि सभी जोनल अधिकारी ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से इन कैमरों का उपयोग करेंगे। इससे न केवल सड़क पर होने वाली गतिविधियों की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग होगी

Smart Police : शहर की यातायात व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। Roop Polymers Ltd. ने अपनी सीएसआर (CSR) पहल के तहत ट्रैफिक पुलिस को 100 बॉडी वॉर्न कैमरे प्रदान किए हैं।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन (IPS) के मार्गदर्शन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कंपनी के चेयरमैन अनिल जैन और उनकी टीम ने ये कैमरे पुलिस विभाग को सौंपे। इस अवसर पर एसीपी मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव सहित कई जोनल अधिकारी मौजूद रहे।
ये बॉडी कैमरे तकनीकी रूप से बेहद उन्नत हैं। इनमें शामिल हैं। 128GB इंटरनल मेमोरी और 12 घंटे तक का लंबा बैटरी बैकअप। रात के अंधेरे में भी 15 मीटर तक स्पष्ट रिकॉर्डिंग की क्षमता। IP-67 रेटिंग, जो इन्हें पानी और धूल (Waterproof & Dustproof) से सुरक्षित रखती है। रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए 2 इंच का कलर डिस्प्ले।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि सभी जोनल अधिकारी ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से इन कैमरों का उपयोग करेंगे। इससे न केवल सड़क पर होने वाली गतिविधियों की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग होगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच होने वाली बातचीत में भी पारदर्शिता आएगी। यह कदम कानून के प्रभावी अनुपालन और नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा