Smart City Project : गुरुग्राम के इन सेक्टर्स में लगेंगी 770 स्मार्ट लाइटें, चोरी होने पर खुद बजेगा अलार्म
कमांड सेंटर से होगी पल-पल की निगरानी इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इन लाइटों को करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है

Smart City Project : न्यू गुरुग्राम के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने शहर की सात प्रमुख सड़कों को स्मार्ट और कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटों से रोशन करने का काम तेज कर दिया है। लगभग 11.50 किलोमीटर के दायरे में फैली इन सड़कों पर कुल 770 नई स्मार्ट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिन्हें इस साल मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन सड़कों का बदलेगा स्वरूप दूसरे चरण के इस प्रोजेक्ट में न्यू गुरुग्राम के कई महत्वपूर्ण हिस्से शामिल हैं।
सेक्टर-71/72, 73/74, 75ए/76 की डिवाइडिंग रोड
सेक्टर-78/79 की डिवाइडिंग मास्टर रोड
सेक्टर-70ए, सेक्टर-77 और सेक्टर-79/79बी की आउटर रोड
कमांड सेंटर से होगी पल-पल की निगरानी इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इन लाइटों को करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है और इन्हें GMDA के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जोड़ा जाएगा। क्लाउड-आधारित ऐप के जरिए अधिकारी ऑफिस में बैठकर ही लाइटों को कंट्रोल कर सकेंगे।
यदि कोई लाइट चोरी करने की कोशिश करेगा, तो कमांड सेंटर में तुरंत अलार्म बज जाएगा। ट्रैफिक कम होने पर ये लाइटें बिजली बचाने के लिए खुद-ब-खुद धीमी (Dim) हो जाएंगी। जीपीएस मैपिंग की वजह से लाइट खराब होते ही उसकी सटीक लोकेशन का पता चल जाएगा, जिससे मरम्मत कार्य जल्द हो सकेगा।
GMDA की प्रवक्ता नेहा शर्मा के अनुसार, इन लाइटों के लगने से न केवल रात के समय वाहन चालकों को सुविधा होगी, बल्कि सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत होगी।









