Sector 56 To Panchgaon Metro रुट की डीपीआर तैयार, 35 KM में बनेंगे 28 स्टेशन, सफर होगा और आसान

Sector 56 To Panchgaon Metro : ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रुट प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है ऐसे में गुरुग्रामवासियों के लिए एक और खुशखबरी वाली जानकारी सामने आई है । जल्द ही सेक्टर 56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पंचगांव चौक तक मेट्रो रुट योजना पर भी काम शुरु हो गया है । इसको लेकर सरकार के पास मंज़ूरी के लिए रिपोर्ट तैयार कर भेजी जाएगी । ये जानकारी हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की 65वीं बैठक में सामने आई है ।

सेक्टर 56 से पंचगांव तक दौड़ेगी मेट्रो

बैठक में मेट्रो विस्तार की एक डीपीआर पेश की गई है जिसमें जानकारी दी गई है कि गुरुग्राम के सेक्टर 56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पंचगांव चौक तक मेट्रो विस्तार किया जाएगा । 35.25 किलोमीटर लंबेर इस रुट पर कुल 28 मेट्रो स्टेशन होने वाले हैं । हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की 65वीं बैठक में ये डीपीआर पेश की गई है ।

जल्द ही इस डीपीआर को हरियाणा सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा । अगर ये योजना सिरे चढती है तो गुरुग्राम का लगभग हर कोना मेट्रो के जरिए एक दूसरे से कनेक्ट हो जाएगा । गुरुग्राम में सफर करना आसान हो जाएगा । सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा ।

सेक्टर 56 में बनेगा इंटरचेंज

इस प्रोजेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार सेक्टर 56 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास इंटरचेंज बनाया जाएगा ताकि यहां से पंचगांव रुट तक सफर आसान हो सके । इसके अलावा फरीदाबाद रुट से आने वाली मेट्रो लाइन को भी इससे कनेक्ट किया जा सकता है । फिलहाल रैपिड मेट्रो कॉरिडोर सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो से मिलती है जहां पर इंटरचेंज बनाया गया है ।

30 से ज्यादा गांवों को मिलेगी मेट्रो कनेक्टिविटी

मेट्रो का ये नया कॉरिडोर गुरुग्राम के 30 से ज्यादा गांवों के लिए विकास के नए रास्ते खोल देगा । इस मेट्रो रुट के बाद 30 से ज्यादा गांवों की मेट्रो से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी जिससे इन गांवों और सोसाइटियों के आसपास भी विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे । उम्मीद है कि डीपीआर तैयार होने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरु कर दी जाएगी ।

पचगांव चौक बनेगा बड़ा जंक्शन

पचगांव चौक आने वाले समय में बड़ा जंक्शन बनेगा । यहां पर मेट्रो काॅरिडोर दिल्ली से लेकर अलवर तक प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) काॅरिडोर से जुड़ेगा । इससे दिल्ली मेट्रो एवं रैपिड मेट्रो के यात्री अलवर तक आसानी से पहुंच सकेंगे । उन्हें अलवर तक जाने के लिए कहीं भी मेट्रो स्टेशन से बाहर नहीं निकलना पड़ा । मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से आगे पुराना गुरुग्राम होते हुए एंबियंस माॅल के सामने रैपिड मेट्रो स्टेशन तक नए काॅरिडोर का निर्माण चल रहा है ।

इस काॅरिडोर से आरआरटीएस काॅरिडोर हीरो होंडा चौक के नजदीक जुड़ेगा । इस तरह कहीं से भी कहीं जाने के लिए मेट्रो की सुविधा हासिल की जा सकेगी। बता दें कि मेट्रो यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है ।

इस साल बढ़ी मेट्रो यात्रियों की संख्यां

इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 80.76 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो सेवा का उपयोग किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 73.81 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

जून-हरियाणा में एकीकृत मेट्रो और नमो भारत परिवहन नेटवर्क विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। इसी क्रम में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) ने वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में उल्लेखनीय वित्तीय सुधार दर्ज करते हुए लाभ अर्जित किया है ।

यह जानकारी आज यहां मुख्य सचिव एवं एचएमआरटीसी के अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई निगम की 65वीं बोर्ड बैठक में दी गई। बैठक में बताया गया कि जनवरी से मई 2026 के दौरान एचएमआरटीसी ने 9.18 करोड़ रुपये का अधिशेष (सरप्लस) दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में निगम को 1.98 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। निगम की कुल आय लगभग 47 फीसदी बढ़कर 35 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 23.76 करोड़ रुपये थी। यह वृद्धि बेहतर परिचालन प्रदर्शन और परिसंपत्तियों के प्रभावी व्यावसायिक उपयोग का परिणाम है।

बैठक में बताया गया कि गैर-किराया राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले वर्ष 6.42 करोड़ रुपये से बढ़कर 16.16 करोड़ रुपये हो गया। विज्ञापन अधिकारों की ई-नीलामी, मेट्रो परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग तथा स्टेशन आधारित गतिविधियों से प्राप्त आय में महत्वपूर्ण योगदान रहा। किराया आय में भी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी के बावजूद खर्च पर नियंत्रण बनाए रखा गया। जनवरी-मई 2026 के दौरान कुल व्यय 25.82 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 25.74 करोड़ रुपये था। परिचालन व्यय में मात्र 0.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक चंद्रशेखर खरे ने बोर्ड को बताया कि रैपिड मेट्रो सेवा के प्रति यात्रियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 80.76 लाख यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 73.81 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button