हरियाणा में राशन वितरण के बदले नियम : अब अंगूठे की जगह होगी Eye Scanning, फर्जीवाड़ा करने वालों की खैर नहीं!

Eye Scanning : हरियाणा के राशन कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और राशन चोरी रोकने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। अब बीपीएल (BPL) राशन कार्ड धारकों को पूरा राशन सही समय पर मिले और किसी भी स्तर पर कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए वितरण के नियमों में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। सरकार प्रदेश के सभी डिपो धारकों को हाई-टेक 5G OPS (POC) मशीन और उससे जुड़ा डिजिटल कांटा देने जा रही है।

फिंगरप्रिंट की झंझट खत्म, अब आंखों (Eye Scanning) से होगी पहचान

अब तक राशन डिपो पर 2G नेटवर्क वाली पुरानी मशीनें थीं, जिससे न सिर्फ सर्वर की दिक्कत आती थी बल्कि बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट मैच न होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता था।

अब नई व्यवस्था के तहत:

  • आई-स्कैनिंग (Eye Scanning): अंगूठे या उंगलियों के निशान की जगह अब उपभोक्ताओं की आंखों को स्कैन किया जाएगा।

  • मशीन-कांटा कनेक्टिविटी: नया डिजिटल कांटा और 5G मशीन आपस में कनेक्टेड होंगे। जब तक डिजिटल कांटे पर राशन का वजन पूरा नहीं होगा, तब तक मशीन में उपभोक्ता की आई-स्कैनिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।

फर्जीवाड़ा और राशन चोरी पर कसेगा कड़ा शिकंजा
इस नई तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि राशन वितरण में होने वाला फर्जीवाड़ा पूरी तरह बंद हो जाएगा। कई बार फर्जी उंगलियों के निशान (क्लोन बायोमेट्रिक) या कागजी हेरफेर के जरिए दूसरों का राशन हड़प लिया जाता था, लेकिन आई-स्कैनिंग लागू होने से फर्जी राशन लेने और बांटने वालों पर सरकार की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी अपात्र या फर्जी व्यक्ति को राशन मिलना नामुमकिन हो जाएगा, जिससे सीधे तौर पर डिपो संचालकों की मनमानी और ब्लैक मार्केटिंग पर लगाम लगेगी।

15 जून तक सभी डिपो पर पहुंचेंगी Eye Scanning मशीनें

मौजूदा समय में हरियाणा में कुल 9,247 राशन डिपो हैं, जिनसे लगभग 40.69 लाख BPL कार्ड धारक जुड़े हैं। जानकारी के अनुसार, आगामी 15 जून तक राज्य के सभी डिपो पर ये नई मशीनें पहुंचा दी जाएंगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और डिपो संचालकों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।

आपके घर के पास ही खुलेगा राशन डिपो

जनता को लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए सरकार राज्य में 4,000 से अधिक नए राशन डिपो खोलने की तैयारी में है। इस फैसले के बाद उपभोक्ताओं को मात्र 500 मीटर के दायरे में ही राशन डिपो की सुविधा मिल सकेगी।

कम राशन तोलने की शिकायतें होंगी दूर: खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री

अक्सर उपभोक्ताओं को यह शिकायत रहती थी कि डिपो संचालक उन्हें तौल में कम राशन देते हैं। इस मामले पर सख्ती दिखाते हुए हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नई 5G मशीन और डिजिटल कांटे के आने से कम राशन मिलने की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस पूरी राशन वितरण प्रणाली पर कड़ी और पैनी नजर रखी जाए, ताकि जनता के हक पर कोई डाका न डाल सके।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button