Sultanpur Bird Sanctuary के आस-पास बने 232 अवैध निर्माणों को तोड़ने की तैयारी, आरएस बाठ ने जारी किए नोटिस

इको-सेंसिटिव जोन और ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माण पर GMDA का बड़ा एक्शन सर्वे में 232 अवैध निर्माण चिह्नित, नोटिस जारी, तोड़फोड़ की चेतावनी

Sultanpur Lake : पर्यावरण संरक्षण और सुनियोजित शहरी विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से Gurugram Metropolitan Development Authority (GMDA) ने इको-सेंसिटिव जोन और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। यह कार्रवाई Sultanpur Bird Sanctuary के इको-सेंसिटिव जोन तथा प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों और शेड्यूल रोड्स के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में की जा रही है।

सर्वे में बड़े पैमाने पर उल्लंघन उजागर

हरियाणा वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा कराए गए विस्तृत सर्वे में सुल्तानपुर बर्ड सेंचुरी के इको-सेंसिटिव जोन में कई अवैध निर्माण सामने आए। इसके साथ ही National Green Tribunal के निर्देशों (ओरिजिनल एप्लीकेशन संख्या 1236/2024) के अनुपालन में GMDA ने GMUC-2031 AD विकास योजना के तहत फरुखनगर–गुरुग्राम रोड (धनावास होते हुए), पटौदी–गुरुग्राम रोड (NH-362W) और फरुखनगर–गुरुग्राम रोड (सुल्तानपुर होते हुए) के ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों का भी सर्वे कराया।

232 अवैध निर्माण चिन्हित

संयुक्त सर्वे में कुल 232 अवैध निर्माण पाए गए। इनमें से 74 निर्माण इको-सेंसिटिव जोन में और 158 निर्माण ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में हैं। ये सभी निर्माण पंजाब शेड्यूल रोड्स एंड कंट्रोल्ड एरियाज रेस्ट्रिक्शन ऑफ अनरेगुलेटेड डेवलपमेंट एक्ट, 1963 की धारा 6 और धारा 7(1) का उल्लंघन करते पाए गए हैं तथा अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत अधिसूचित क्षेत्रों में आते हैं।

नोटिस जारी, ध्वस्तीकरण की तैयारी

प्रवर्तन के नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), GMDA आर.एस. बाठ ने सभी उल्लंघनकर्ताओं को अधिनियम की धारा 12(2) के तहत शो-कॉज नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस में अवैध गतिविधियां तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों की अवहेलना पर रिस्टोरेशन ऑर्डर जारी कर भूमि को मूल स्थिति में बहाल करने के लिए तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।

GMDA का स्पष्ट संदेश

आर.एस. बाठ ने कहा कि यह कदम पर्यावरणीय संतुलन, शहरी नियोजन मानकों और सतत विकास की रक्षा के लिए उठाया गया है। उन्होंने नागरिकों और डेवलपर्स से अपील की कि किसी भी निर्माण से पहले सभी वैधानिक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button