Murder : घर के बाहर खड़ा होने से मना किया तो पेंटर ने बुजुर्ग को पत्थरों से पीट पीट उतारा मौत के घाट

Murder : गुरुग्राम में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक पेंटर ने मामूली सी कहासुनी के बाद एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को पत्थर मारकर मौत के घाट उतार दिया । गुरुग्राम पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पेंटर को गिरफ्तार कर लिया है । आरोपी की पहचान यूपी के बुलंदशहर जिले के अधीयार का रहने वाला 27 वर्षीय मोनू के रुप में हुई है ।
घर के बाहर खड़ा होने से मना किया तो कर दिया मर्डर
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सोमवार शाम 4 बजे सूचना मिली थी कि डूंडाहेड़ा गांव में बैंक वाली गली में लड़ाई झगड़े की सूचना मिली थी । जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो देखा गली में खून से लथपथ एक 70 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश पड़ा हुआ है । घायल को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन बुजुर्ग की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई ।
पुलिस ने जानकारी दी है कि सोमवार शाम करीब 4 बजे यूपी का रहने वाला पेंटर मोनू, मृतक जगदीश के घर के बाहर खड़ा हुआ था । जगदीश ने मोनू को कहा था कि वो उसके घर के बाहर ना खड़ा हो, इसी बात को लेकर आरोपी ने 70 साल के बुजुर्ग जगदीश पर हमला कर दिया और धक्का देकर नीचे गिरा दिया जिसके बाद आरोपी ने गली में पड़े पत्थर से बुजुर्ग की पीट पीट कर हत्या कर दी ।
गुरुग्राम के उद्योग विहार थाने की पुलिस ने मृतक जगदीश के बेटे की शिकायत पर मारपीट का केस दर्ज किया गया लेकिन जगदीश की इलाज के दौरान मौत होने के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ ली गई । थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में एक आरोपी को दिनांक 17.03.2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मोनू (उम्र-27 वर्ष) निवासी गांव अधीयार जिला बुलंदशहर (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी पेंट करने का काम करता है तथा इसका दिनांक 16.03.2026 को जगदीश (मृतक) का घर के बाहर खड़े होने को लेकर कहासुनी हो गई थी जिसके बाद आरोपी ने उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया ।