Haryana Group D Promotion : अब 5 साल की सर्विस पर बन सकेंगे क्लर्क, ग्रुप-डी कर्मचारियों का वर्षों का इंतजार खत्म, जानें नए नियम

कानून के लागू होने से ग्रुप-डी कर्मचारियों के क्लर्क पद पर पदोन्नति (Promotion) के रास्ते न केवल आसान होंगे, बल्कि अब उन्हें सालों तक एक ही पद पर नहीं रुकना पड़ेगा।

Haryana Group D Promotion : हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के हजारों ग्रुप-डी (चतुर्थ श्रेणी) कर्मचारियों को करियर ग्रोथ का बड़ा तोहफा दिया है। सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र में ‘हरियाणा लिपिकीय सेवा (भर्ती और सेवा की शर्तें) विधेयक, 2026’ को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

इस नए कानून के लागू होने से ग्रुप-डी कर्मचारियों के क्लर्क पद पर पदोन्नति (Promotion) के रास्ते न केवल आसान होंगे, बल्कि अब उन्हें सालों तक एक ही पद पर नहीं रुकना पड़ेगा।

प्रमोशन कोटा 20% से बढ़ाकर 30% किया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में बताया कि पहले ग्रुप-डी से क्लर्क बनने के लिए केवल 20 प्रतिशत कोटा निर्धारित था, जिसे अब बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया है। इस फैसले से बड़ी संख्या में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अब लिपिकीय पदों पर पदोन्नत हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कई विभागों में कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए 10 से 15 साल तक का लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी होगी।

5 साल की सर्विस पर मिलेगी पदोन्नति

नए विधेयक के मुख्य बिंदुओं में सेवा अवधि की शर्त भी शामिल है। अब 5 साल की सेवा पूरी कर चुके कॉमन कैडर के ग्रुप-डी कर्मचारी क्लर्क पद के लिए पात्र होंगे। इसके साथ ही, सरकार ने नियमों को और अधिक स्पष्ट किया है ताकि भविष्य में भर्ती और पदोन्नति को लेकर कोई कानूनी अड़चन न आए।

कॉमन कैडर सिस्टम से होगा समान लाभ

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 2018 में लागू किए गए कॉमन कैडर सिस्टम (Common Cadre System) को अब और मजबूत किया जा रहा है। पहले प्रमोशन के अवसर केवल विभाग तक सीमित थे, जिससे कुछ विभागों में जल्दी प्रमोशन मिल जाता था और कुछ में कर्मचारी सालों तक पिछड़ जाते थे। अब कॉमन कैडर के तहत सभी को समान अवसर मिलेंगे।

विधेयक में 5 प्रतिशत पद अनुकंपा (Ex-gratia) आधार पर नियुक्ति के लिए सुरक्षित रखने का प्रावधान किया गया है। पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया गया है ताकि प्रशासनिक दक्षता में सुधार हो सके। यह बिल विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की अनुपस्थिति (सत्र का बहिष्कार) के दौरान पास किया गया।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button