New IMT In Haryana : हरियाणा के इस ज़िले में 2000 एकड़ में बसाई जाएगी नई आईएमटी, युवाओं को मिलेगा रोज़गार

New IMT In Haryana : हरियाणा के इस जिले में जल्द ही 2000 एकड़ में नई IMT बनाई जाएगी जिससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर खुलेंगे । हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और बादशाहपुर से विधायक राव नरबीर सिंह ने कहा कि जहां भी औद्योगिक शहर विकसित होते हैं, वहां स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर स्वतः सृजित होते हैं ।

राज्य सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है । उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अंबाला में नए IMT (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) स्थापित करने की घोषणा के अनुरूप अंबाला में एनएच-122 के साथ लगते गांवों में लगभग 2000 एकड़ क्षेत्र में IMT स्थापित किया जा रहा है ।

इसके लिए किसानों ने ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से अपनी सहमति दी है और भूमि के लिए 1.55 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर निर्धारित की गई है । कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह आज हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान विधायक निर्मल सिंह द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे ।

उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि अंबाला में केवल एक ही नहीं, बल्कि दो IMT स्थापित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा । इसके अतिरिक्त, नारायणगढ़ में भी एक नया IMT स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि इन औद्योगिक परियोजनाओं के स्थापित होने से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button