NCR Plan 2041 : तीन ज़ोन में बांटा जाएगा एनसीआर ? एक शहर से दूसरे शहर तक लगेंगे 30 मिनट !

NCR Plan 2041 : दिल्ली एनसीआर के लिए तैयार किए जा रहे रीजनल प्लान 2041 में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं । इसको लेकर एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की पिछले दिनों हुई बैठक में कई प्रस्ताव रखे गए । इन प्रस्तावों के मुताबिक एनसीआर को 3 अलग अलग ज़ोन में बांटा जा सकता है । इसके पीछे एनसीआर के क्षेत्रों में बेहतर विकास और बेहतर बनाने की मंशा जाहिर की गई है ।
पिछले सप्ताह मंगलवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें हरियाणा और दिल्ली की मुख्यमंत्री भी शामिल हुईं थीं । इस बैठक में एनसीआर को तीन ज़ोन में बांटने के प्लान पर चर्चा की गई ।
3 ज़ोन में बंट जाएगा NCR ?
एनसीआर रीजनल प्लानिंग बोर्ड की बैठक में पूरे एनसीआर को तीन जोन में बांटने का प्रस्ताव रखा गया । अधिकारियों के मुताबिक एनसीआर को तीन जोन सेंट्रल एनसीआर, मिडिल एनसीआर और आउटर एनसीआर में बांटा जा सकता है । इसका मकसद दिल्ली और उसके आसपास की घनी आबादी वाले इलाकों को अलग अलग विकास का ढांचा तैयार करना है ।
तीन ज़ोन में बांटने से क्या होगा ?
एनसीआर को तीन ज़ोन में बांटने का मुख्य मकसद है कि GRAP के दौरान लगने वाली पाबंदियों से विकास कार्यों पर कोई असर ना पड़े । दरअसल सर्दियों के दौरान दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने की वजह से कई महीनों तक ग्रैप की पाबंदिया झेलनी पड़ती है और पूरे एनसीआर क्षेत्र में एक जैसी पाबंदिया लागू की जाती है ।
एनसीआर के तीन जोन में डिवाइड होने से इन पाबंदियों को छूट के साथ लागू किया जा सकेगा ताकि दूर दराज के इलाकों में जहां पर प्रदूषण की मात्रा कम होती है उन इलाकों में पाबंदियों में ढील देकर विकास कार्यों को गति दी जा सके ।
15 सालों में 15 करोड़ होगी NCR की आबादी
इस बैठक के दौरान पेश किए गए आकंड़ों पर ध्यान देना जरुरी है । बैठक की अध्यक्षता कर रहे केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक आंकड़ा पेश किया जिसके मुताबिक वर्तमान में एनसीआर की आबादी लगभग 7.5 करोड़ है जो अगले 15 सालों में बढकर 15 करोड़ तक पहुंच सकती है ।
NCR के शहरों में 30 मिनट की होगी कनेक्टिविटी
एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में एक सबसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई है कि दिल्ली एनसीआर में लगातार बढ़ती गाड़ियों की संख्या से सारे दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है उससे निपटने के लिए ऐसी व्यवस्था तैयारी की जाएगी कि एनसीआर के एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए मात्र 30 मिनट लगें । इसको लेकर चार नए ग्रीनफील्ड शहर बसाने की तैयारी चल रही है । वहीं प्रमुख शहरों के बीच मेट्रो की कनेक्टिविटी बढाई जाएगी ।