Mystery Death : राजीव चौक अंडरपास में हत्या या हादसा ? रिक्शाचालक की मौत बनी पहेली !

Mystery Death : साइबर सिटी गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है कि जो गुरुग्राम पुलिस के लिए भी एक रहस्यमयी मौत बन गई है । दरअसल गुरुग्राम के सबसे व्यस्तम राजीव चौक अंडरपास में एक ई रिक्शा चालक गंभार घायलावस्था में सड़क पर पड़ा मिला । जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई । सबसे हैरान कर देने वाली बात ये है कि अंडरपास में जिस जगह पर ई रिक्शा चालक घायल अवस्था में पड़ा हुआ मिला वहां पर किसी तरह के सड़क हादसे के कोई सुबूत नहीं मिले हैं ।

अब ये हादसा है या हत्या इसकी जांच में गुरुग्राम पुलिस जुटी हुई है । दरअसल शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भीम नगर इलाके में रहने वाला 42 वर्षीय लवली ई रिक्शा में सामान लेकर सोहना की तरफ जा रहा था । लेकिन जैसे ही वो राजीव चौक अंडरपास में पहुंचा तो ना जाने ऐसा क्या हुआ कि लवली घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ मिला । किसी राहगीर ने जब घायल को देखा तो पुलिस को इसकी जानकारी दी ।

सही सलामत मिली ई रिक्शा

पुलिस की भी समझ में नहीं आ रहा है कि ये हादसा है या फिर हत्या क्योंकि जिस जगह पर लवली पड़ा हुआ मिला उस जगह पर किसी तरह के एक्सीडेंट के प्रमाण नहीं मिले हैं । लवली ठीक अपनी ई रिक्षा के सामने पड़ा हुआ मिला । उसके मुंह से खून निकल रहा था । रीढ़ की हड्डी में चोट, गर्दन में चोट और सिर पर चोट लगी हुई थी । घायल लवली को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई ।

किसी ने नहीं देखा हादसा

सबसे बड़ी बात ये है कि लवली कैसे घायल हुआ ये किसी ने नहीं देखा जबकि राजीव चौक अंडरपास से एक मिनट में दर्जनों गाड़ियां निकलती है । केवल किसी बाइक सवार ने घायल पड़े हुए लवली को देखा जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई । लवली की ई रिक्शा बिल्कुल सही सलामत खड़ी मिली और उस पर रखा सामान भी जस का तस मिला । ना तो लवली से कोई लूटपाट हुई और ना ही कोई छीना झपटी के निशान मिले हैं ।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है । चूंकि अंडरपास के अंदर कोई सीसीटीवी नहीं लगा हुआ है इसीलिए लवली के घायल होने की वजह पुख्ता नहीं हो पाई है । वहीं पुलिस लवली के अंडरपास में एंट्री करते वक्त कौन कौन सी गाड़ियां अंदर गई उनको पुलिस थाने बुलाने की तैयारी कर रही है । पुलिस का कहना है कि लवली की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसमें साफ हो पाएगा कि लवली को लगी चोट के कारण क्या हो सकते हैं उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी ।

परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

42 वर्षीय लवली गुरुग्राम के भीम नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता है । परिवार में माता पिता, बहन और पत्नी है । लवली की कोई संतान नहीं है । मिली जानकारी के अनुसार लवली का परिवार मूलरुप से फरीदाबाद के रहने वाले है लेकिन पिछले कुछ समय से लवली अपने परिवार का लालन पालन करने के लिए गुरुग्राम ई रिक्श चलाने का काम किया करता था ।

परिवार का आरोप है कि लवली को किसी ने चोट मारकर उसकी हत्या की है । हालांकि अभी पुलिस ने मामले में केवल पोस्टमॉर्टम कराया है किसी प्रकार का केस दर्ज नहीं किया है । परिवार का कहना है कि लवली घर में इकलौता कमाने वाला था । ऐसे में उसकी मौत कैसे हुई उसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए । परिवार ने अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाया है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button