Mukhyamantri Shehri Awas Yojana के तहत 1.50 लाख के फ्लैट्स के आज निकलेंगे ड्रॉ, जानें किस किस की निकलेगी लॉट्री !

Mukhyamantri Shehri Awas Yojana : मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 17 मार्च को आरक्षित फ्लैटों के आवंटन के लिए गुरुग्राम शहर में ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा।
एडीसी सोनू भट्ट, जोकि जिले में योजना के नोडल अधिकारी भी हैं, ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित फ्लैटों के आवंटन हेतु गुरुग्राम शहर में ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा।
यह ड्रॉ दोपहर 1 बजे गुरुग्राम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि विभाग की नीति के तहत निजी कॉलोनाइजरों द्वारा प्रस्तुत ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स के लिए यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पात्र आवेदकों को लगभग 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनकी कीमत 1.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
एडीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गुरुग्राम शहर के जिन आवेदकों द्वारा 10,000 रुपये की राशि जमा कराई गई थी और सत्यापन उपरांत पात्र पाए गए हैं, ऐसे लगभग 2709 आवेदकों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आवंटन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी तरीके से ड्रॉ के माध्यम से की जाएगी। साथ ही ड्रॉ में घुमंतू जाति, विधवा तथा अनुसूचित जाति के आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि ड्रॉ से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक एडीसी कार्यालय गुरुग्राम अथवा हाउसिंग फॉर ऑल विभाग, हरियाणा से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-2585852 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है, साथ ही विभाग की वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।