Molestation case : युवती से बदसलूकी करने वाला कैब ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में आरोपी पंकज ने कुबूल किया कि गाड़ी में फोन पर बात करने और गानों की आवाज कम करने को लेकर युवती से उसकी कहासुनी हुई थी।

Molestation case : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर तत्परता दिखाई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवती से अभद्र व्यवहार करने वाले कैब चालक को घटना वाली रात ही दबोच लिया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैब भी बरामद कर ली है।
घटना 15 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:00 बजे की है। एक युवती अपने कार्यालय से घर जाने के लिए कैब में सवार हुई थी। सफर के दौरान कैब चालक ने न केवल युवती के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ बेहद आक्रामक और अपमानजनक व्यवहार भी किया। चालक की बदतमीजी से डरी-सहमी युवती ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।
शिकायत मिलते ही थाना सेक्टर-50 पुलिस ने हरकत में आते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और 79 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने उसी रात दबिश देकर आरोपी चालक को सेक्टर-50 इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पंकज (22 वर्ष) निवासी बहनी महाराजपुर, जिला रोहतक के रूप में हुई
पुलिस पूछताछ में आरोपी पंकज ने कुबूल किया कि गाड़ी में फोन पर बात करने और गानों की आवाज कम करने को लेकर युवती से उसकी कहासुनी हुई थी। इसी मामूली बात पर उसने आपा खो दिया और युवती के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसे जबरन गाड़ी से उतारने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला पुराना नहीं है और न ही आरोपी फरार है। पुलिस ने घटना के दिन ही सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित कर दी थी। गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर संदेश दिया है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








